Saturday, January 24

मैच एक, रिकॉर्ड अनेक: ईशान किशन से सूर्यकुमार यादव तक, रायपुर में बने कई ऐतिहासिक कारनामे

रायपुर।
भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में सिर्फ जीत ही दर्ज नहीं की, बल्कि रिकॉर्ड्स की झड़ी भी लगा दी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने 209 रनों के विशाल लक्ष्य को महज 15.2 ओवर में, 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। इस शानदार जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

This slideshow requires JavaScript.

यह मुकाबला भारत का घरेलू मैदान पर 100वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी था, जिसे टीम ने यादगार अंदाज में जीतकर खास बना दिया।

 

ओपनर फेल, फिर भी रिकॉर्डतोड़ जीत

मैच की खास बात यह रही कि भारतीय टीम ने अपने दोनों ओपनर सस्ते में गंवा दिए थे। इसके बावजूद मध्यक्रम ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए मैच को एकतरफा बना दिया।
ईशान किशन ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 463 दिनों के लंबे इंतजार के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना अर्धशतक जड़ा।

 

भारत का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे बड़ा सफल चेज

209 रनों का लक्ष्य भारत के लिए संयुक्त रूप से टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा सफल चेज रहा। इससे पहले भारत ने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी 209 रन का लक्ष्य हासिल किया था।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी के लिहाज से यह जीत भारतीय बल्लेबाजी की गहराई और आक्रामकता का बड़ा संकेत है।

 

ईशान किशन ने रचा नया कीर्तिमान

ईशान किशन ने इस मुकाबले में खुद को साबित करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की ओर से सबसे तेज टी20 अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया।
उन्होंने 32 गेंदों पर 76 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसने भारत की जीत की नींव रखी।

 

200+ रन का चेज: भारत दूसरे स्थान पर

यह छठी बार है जब भारतीय पुरुष टीम ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 से अधिक का स्कोर सफलतापूर्वक चेज किया है। इस मामले में भारत अब केवल ऑस्ट्रेलिया (7 बार) से पीछे है।

 

अर्शदीप सिंह के नाम अनचाहा रिकॉर्ड

हालांकि इस जीत के बीच एक नकारात्मक रिकॉर्ड भी सामने आया। भारत के सबसे सफल टी20 गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने मैच के पहले ओवर में 18 रन लुटा दिए, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी भारतीय गेंदबाज का सबसे महंगा पहला ओवर साबित हुआ।

 

28 गेंद शेष रहते ऐतिहासिक जीत

भारत ने 200 से अधिक के लक्ष्य को सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते हासिल करने का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
जब शिवम दुबे ने विजयी रन बनाया, तब भारत के पास 28 गेंदें बाकी थीं। इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम था, जिसने न्यूजीलैंड के खिलाफ 24 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की थी।

 

Leave a Reply