
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गुरुवार को मेरठ में अलग अंदाज देखा गया। मुख्यमंत्री खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक भी उनके साथ मौजूद थे।
निरीक्षण के क्रम में मंत्री खटीक पीछे रह गए थे, जबकि उनके ठीक आगे पूर्व विधायक संगीत सोम थे। सीएम योगी ने अधिकारियों को इशारा कर कहा, “मंत्री जी को आगे आने दो।” इसके बाद दिनेश खटीक तुरंत सीएम के बगल में आ गए और दोनों ने साथ मिलकर निर्माण कार्य का जायजा लिया। यह दृश्य सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया और सीएम योगी की मंत्री के प्रति सम्मान और सहयोग का संदेश माना जा रहा है।
मंत्री खटीक हाल ही में हस्तिनापुर को लेकर अपने विवादित बयान की वजह से चर्चा में रहे थे। इस पूरे घटनाक्रम से उनकी राजनीतिक स्थिति को लेकर विपक्ष और अन्य नेताओं में चर्चा शुरू हो गई है।
निर्माण निरीक्षण के दौरान सीएम योगी ने मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के निर्माण की डेडलाइन 31 मई 2026 तय की। उन्होंने कहा कि नए सत्र के लिए यूनिवर्सिटी का कैंपस तैयार होना चाहिए। पहले चरण के लिए सरकार ने 250 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जबकि दूसरे चरण के लिए 200 करोड़ रुपये से अधिक की नई परियोजनाएँ दी गई हैं। विश्वविद्यालय का कुल परिसर अब 100 एकड़ में विकसित किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि अगस्त 2025 से यूनिवर्सिटी अपने पाठ्यक्रम शुरू कर चुकी है और नए सत्र से यह अपने नए कैंपस में शैक्षणिक गतिविधियाँ संचालित करेगा।