
चाईबासा (झारखंड)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा वन क्षेत्र में गुरुवार की सुबह सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में कई शीर्ष इनामी माओवादियों के मारे जाने की प्रारंभिक सूचना मिली है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
तीन नक्सलियों के मारे जाने की खबर
जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ जराईकेला और किरीबुरु की सीमा क्षेत्र में हुई। प्रारंभिक रिपोर्टों में 50 लाख के इनामी सहित तीन नक्सलियों के मारे जाने की बात कही जा रही है। फिलहाल, सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी रखा है।
सुरक्षाबलों को मिली गुप्त सूचना
सुरक्षाबलों को सारंडा जंगल में कुछ बड़े माओवादियों के छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस की वरीय अधिकारियों ने कोबरा झारखंड, जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम बनाई और छोटानागरा थाना क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया।
माओवादी ने की अंधाधुंध फायरिंग
सुरक्षाबलों के ऑपरेशन के दौरान जैसे ही वे माओवादियों के नजदीक पहुंचे, माओवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद कुछ माओवादी भागने में सफल हो गए, जबकि कुछ माओवादियों को गोली लग गई। फिलहाल, इस ऑपरेशन के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।