
भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह हाल ही में अपनी तीसरी शादी को लेकर अफवाहों में फंस गए थे। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उनके 40वें जन्मदिन की तस्वीरें और महिमा सिंह के साथ उनका क्लोज बॉन्ड नजर आया। इस वीडियो को देखकर लोगों ने अंदाजा लगाया कि पवन सिंह और महिमा सिंह जल्द ही सात फेरे लेने वाले हैं।
हालांकि, इस पर पवन सिंह ने साफ-साफ कहा कि यह पूरी तरह से अफवाह है। ‘रिपब्लिक भारत’ से बातचीत में पवन सिंह ने बताया, “जो बातें कही जा रही थीं, वो सब गलत हैं। कुछ चाहने वालों ने कार्ड भी छपवा दिए थे, शादी का स्थान तय कर दिया था कि मुंबई में होगी। लेकिन मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं थी। हमारी कोई तीसरी शादी नहीं हो रही है।”
महिमा सिंह संग जोड़ा जा रहा नाम
महिमा सिंह भोजपुरी फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं और पवन सिंह के साथ कई प्रोजेक्ट्स में काम कर चुकी हैं। सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें वायरल होने के बाद अफवाहों को और हवा मिली।
पवन सिंह की निजी जिंदगी की उथल–पुथल
पवन सिंह की पहली शादी 2014 में नीलम सिंह से हुई थी, जिनका एक साल बाद निधन हो गया। इसके बाद 2018 में उन्होंने ज्योति सिंह से दूसरी शादी की, जो कुछ ही समय में विवादों और तलाक की अर्जी में बदल गई। पवन सिंह का नाम पहले अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ भी जुड़ चुका है।
पवन सिंह की इस सफाई के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि उनके और महिमा सिंह के बीच केवल दोस्ताना और कामकाजी रिश्ता है, और तीसरी शादी की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।