
वॉशिंगटन।
वैज्ञानिकों ने एक ऐसा समुद्री सांप खोजा है, जिसे अब तक का सबसे बड़ा माना जा रहा है। पैलियोफिस कोलोसियस नामक यह विशालकाय सांप इंसान के आने से लाखों साल पहले महासागरों में रहा करता था और अपने समय के टॉप शिकारी के रूप में जाना जाता था।
शोधकर्ताओं के अनुसार, यह सांप 8 से 12 मीटर लंबा था, जबकि आज के अधिकांश समुद्री सांप 2-3 मीटर से अधिक लंबे नहीं होते। इसकी विशाल रीढ़ की हड्डियों के जीवाश्म 2018 में मिलीं, जो किसी भी ज्ञात आधुनिक या प्राचीन सांप प्रजाति से बड़ी पाई गई। वैज्ञानिक मानते हैं कि यह सांप शार्क जैसी बड़ी मछलियों और अन्य समुद्री सरीसृपों का शिकार करता होगा।
अध्ययन में यह भी सामने आया कि यह जीव उथले समुद्री क्षेत्रों में रहता था, जो आज के उत्तरी अफ्रीका के रेगिस्तानी इलाकों में स्थित हैं। उस समय यह क्षेत्र ट्रांस–सहारा सीवे के रूप में समुद्री जल से भरा हुआ था और वैश्विक तापमान वर्तमान की तुलना में अधिक था।
वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि इस सांप की खोपड़ी आधुनिक समुद्री सांपों की तरह लचीली थी, तो यह बहुत बड़े शिकार को निगल सकता था, जिसमें बड़ी मछलियां, शार्क और डॉयरोसॉरिड जैसे प्राचीन मगरमच्छ शामिल हो सकते हैं।
आज के समुद्री सांपों की तुलना में पैलियोफिस कोलोसियस अपने आकार और शिकारी क्षमता के कारण पूरी तरह अलग और प्रभावशाली था। यह खोज समुद्री जीवों और उनके प्राचीन इकोसिस्टम के अध्ययन में नई जानकारी देती है।