
वाराणसी: रविवार शाम गोरखपुर से बेंगलुरु जा रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान संख्या 6ई-437 को हवा में पक्षी से टकराने के कारण वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। टकराव से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा, लेकिन पायलट की सूझबूझ और चालक दल की तत्परता से कोई बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, विमान रविवार शाम 6:15 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट से रवाना हुआ था। उड़ान के कुछ समय बाद विमान हवा में पक्षी से टकराया। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर वाराणसी में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। ATC की मंजूरी मिलने के बाद विमान शाम करीब 7:05 बजे सुरक्षित रूप से बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। विमान में सवार सभी 216 यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित रहे।
लैंडिंग के बाद विमान को एप्रन पर खड़ा किया गया और इंडिगो की तकनीकी टीम ने गहन जांच की। जांच में सामने आया कि पक्षी से टकराने के कारण नोज सेक्शन को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जिसे तुरंत ठीक नहीं किया जा सकता।
एयरलाइंस ने सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की। उन्हें नजदीकी होटलों में ठहराया गया, जहां खाने-पीने और आराम की सुविधा उपलब्ध कराई गई। सोमवार को इंडिगो के दूसरे विमान से सभी यात्रियों को उनके गंतव्य बेंगलुरु के लिए रवाना किया गया।