
जयपुर: राजस्थान सरकार से नाराज सरकारी और संविदा कर्मचारी मंगलवार को राजधानी जयपुर में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन कर रहे हैं। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासभा के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारी अल्बर्ट हॉल परिसर में एकत्रित हुए और रैली के रूप में सिविल लाइंस फाटक की ओर कूच करने की तैयारी में हैं।
मांगें – प्रमोशन, पेंशन और नियमितीकरण
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में पदोन्नति (प्रमोशन) से जुड़ी विसंगतियों को दूर करना, पुरानी पेंशन योजना को यथावत रखना, संविदा और ठेका कर्मियों को नियमित करना, स्थानांतरण नीति लागू करना और निजीकरण पर रोक लगाना शामिल है। इसके अलावा आठवें वेतन आयोग को लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जा रही है।
सरकार पर संवाद न करने का आरोप
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासभा के प्रदेश अध्यक्ष महावीर शर्मा ने सरकार पर आरोप लगाया कि बीते दो वर्षों से कर्मचारियों और सरकार के बीच संवाद ठप है। उन्होंने कहा कि सरकार बजट से पहले अलग-अलग वर्गों से सुझाव तो ले रही है, लेकिन कर्मचारियों की समस्याओं को सुनने के लिए समय नहीं देती। इसी नाराजगी के चलते कर्मचारियों को सड़क पर उतरना पड़ा।
ट्रैफिक प्रभावित, पुलिस ने संभाला मोर्चा
कर्मचारियों की रैली को देखते हुए अल्बर्ट हॉल और सांगानेरी गेट से जेएलएन मार्ग की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है। सांगानेरी गेट से अल्बर्ट हॉल और जेएलएन की ओर वाहनों की आवाजाही रोकी गई है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
प्रदर्शनकारी अल्बर्ट हॉल से सिविल लाइंस फाटक तक रैली निकालेंगे। कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।