
पटना (सुधेंद्र प्रताप सिंह/हनुमतेश्वर दयाल) – राजधानी पटना के मनेर में बाइक सवार बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकानदार को गोली मार दी। यह घटना उस समय हुई जब दुकानदार संजय सोनी अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद मनेर क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल ज्वेलरी कारोबारी को इलाज के लिए निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को घटनास्थल से खोखा और बाइक मिली है, जिन्हें साक्ष्य के तौर पर जांच में लिया गया है।
बाइक सवार तीन बदमाशों ने मारी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय सोनी मनेर में ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार की रात जब वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनके पास आकर तमंचा निकाला और उन्हें गोली मार दी। गोली संजय के कंधे में धंसी और इसके बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद मनेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और बाइक बरामद की है। प्रारंभिक जांच में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
पुलिस का बयान
एएसपी दानापुर शिवम धाकड़ ने कहा कि “घटना के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। घायल दुकानदार का इलाज चल रहा है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए हम अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए काम कर रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”