Thursday, May 28

This slideshow requires JavaScript.

बिहार को मिली ऐतिहासिक सौगात: बांका के ओढ़नी डैम पर बनेगी राज्य की पहली वाटर स्पोर्ट्स एकेडमी

 

This slideshow requires JavaScript.

 

 

बिहार खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक पहल करते हुए राज्य की पहली वाटर स्पोर्ट्स एकेडमी की स्थापना बांका जिले के ओढ़नी डैम पर की जाएगी। इसकी औपचारिक घोषणा बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बिहार राज्य खेल प्राधिकरण में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद की। यह अकादमी न केवल बिहार बल्कि पूरे पूर्वी भारत में वाटर स्पोर्ट्स के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

 

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बताया कि हाल ही में मध्यप्रदेश सरकार के साथ हुई बैठक में दोनों राज्यों के बीच खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास को लेकर सहयोग पर सहमति बनी थी। उसी कड़ी में बिहार में वाटर स्पोर्ट्स को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की यह योजना तेज़ी से आगे बढ़ाई गई है। प्रस्तावित अकादमी में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरण, आवास, पोषण युक्त भोजन और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

 

ओढ़नी डैम को विशेषज्ञों ने बताया सर्वश्रेष्ठ स्थल

 

इस परियोजना के लिए भोपाल स्थित इंडियन केनोइंग एंड क्याकिंग एसोसिएशन की एक विशेषज्ञ टीम ने बिहार के कई संभावित स्थलों का गहन निरीक्षण किया। टीम का नेतृत्व कनाडा के ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय वाटर स्पोर्ट्स विशेषज्ञ मिस्टर जैक ने किया। उनके साथ मुख्य प्रशिक्षक प्रदीप नायडू और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नमिता भी शामिल रहीं।

 

तीन दिवसीय निरीक्षण के दौरान सासाराम का दुर्गावती डैम, जमुई का गढ़ी डैम, नवादा का हरदिया डैम और बांका का ओढ़नी डैम शामिल थे। तकनीकी, भौगोलिक और प्रशिक्षण से जुड़े सभी पहलुओं के मूल्यांकन के बाद ओढ़नी डैम को सर्वश्रेष्ठ स्थल के रूप में चयनित किया गया।

 

विदेशी विशेषज्ञ ने की ओढ़नी डैम की प्रशंसा

 

कनाडा से आए विशेषज्ञ मिस्टर जैक ने ओढ़नी डैम को वाटर स्पोर्ट्स के लिए दुनिया के बेहतरीन स्थलों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि यहां का जलक्षेत्र, प्राकृतिक वातावरण और आधारभूत संरचनाओं के विकास की व्यापक संभावनाएं इसे केनोइंग, क्याकिंग और रोइंग जैसे खेलों के लिए आदर्श बनाती हैं। साथ ही यह स्थल भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेज़बानी करने में भी सक्षम है।

 

मिस्टर जैक ने जानकारी दी कि वे फरवरी माह में दोबारा बिहार आएंगे, जहां प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन, वैज्ञानिक प्रशिक्षण प्रणाली लागू करने तथा जेटी, आधुनिक उपकरण और अन्य आधारभूत ढांचे के निर्माण में तकनीकी सहयोग प्रदान करेंगे।

 

बिहार के खिलाड़ियों के लिए खुलेंगे नए अवसर

 

ओढ़नी डैम पर बनने वाली यह वाटर स्पोर्ट्स एकेडमी बिहार के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी। इससे न केवल राज्य में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी, बल्कि बिहार देश के वाटर स्पोर्ट्स मानचित्र पर भी अपनी अलग पहचान बनाएगा।

 

 

Leave a Reply