
नई दिल्ली: सोमवार शाम दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में जोरदार धमाका हुआ, जिससे हड़कंप मच गया। इस धमाके में 8 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग की लपटों से आसपास खड़ी कई गाड़ियां भी जल गईं।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। यह दिल्ली में 14 साल बाद सबसे बड़ा धमाका माना जा रहा है।
दिल्ली में पहले भी हो चुके हैं भयावह धमाके
दिल्ली आतंकवाद और ब्लास्ट की घटनाओं से अछूती नहीं रही है। आइए जानते हैं 1996 से 2025 तक हुए प्रमुख धमाकों की सूची:
- 21 मई 1996 – लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट: 16 मौत, 39 घायल।
- 9 जनवरी 1997 – ITO, ओल्ड दिल्ली पुलिस हेडक्वॉर्टर: 50 घायल।
- 1 अक्टूबर 1997 – सदर बाजार में दो विस्फोट: 30 घायल।
- 10 अक्टूबर 1997 – शांति वन, कौड़िया पुल और किंग्सवे कैंप: 1 मौत, 16 घायल।
- 18 अक्टूबर 1997 – रानी बाग मार्केट: 1 मौत, 23 घायल।
- 26 अक्टूबर 1997 – करोल बाग: 1 मौत, 34 घायल।
- 30 नवंबर 1997 – लाल किला इलाके में दोहरे विस्फोट: 3 मौत, 70+ घायल।
- 30 दिसंबर 1997 – पंजाबी बाग, बस ब्लास्ट: 4 मौत, 30 घायल।
- 26 जुलाई 1998 – कश्मीरी गेट ISBT, बस ब्लास्ट: 2 मौत, 3 घायल।
- 18 जून 2000 – लाल किला के पास विस्फोट: 2 मौत (एक 8 वर्षीय बच्ची), कई घायल।
- 22 मई 2005 – सत्यम और लिबर्टी हॉल: 2 मौत, 60+ घायल।
- 29 अक्टूबर 2005 – सरोजिनी नगर, गोविंदपुरी बस अड्डा और पहाड़गंज: 60 मौत, 100+ घायल।
- 14 अप्रैल 2006 – जामा मस्जिद परिसर: 14+ घायल।
- 13 सितंबर 2008 – कनॉट प्लेस, बाराखबा रोड, गफ्फार मार्केट और GK-1: 24 मौत, 100+ घायल।
- 27 सितंबर 2008 – महरौली फूल मार्केट के पास: 3 मौत, 21 घायल।
- 25 मई 2011 – दिल्ली हाई कोर्ट के बाहर कार ब्लास्ट: कोई हताहत नहीं।
- 7 सितंबर 2011 – दिल्ली हाई कोर्ट, गेट नंबर 5, सूटकेस बम ब्लास्ट: 17 मौत, 76 घायल।
दिल्ली के नागरिकों के लिए यह याद दिलाने वाला है कि सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की भी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे संदिग्ध वस्तुओं के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी पुलिस को दें।
सुरक्षा एजेंसियों की नजर
घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस और एनएसजी की टीमें मौके पर पहुंचीं। बम निवारक दस्ते ने जांच शुरू कर दी है। पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सभी प्रमुख मेट्रो स्टेशन, बाजार और सार्वजनिक स्थल अब भी हाई अलर्ट पर हैं।