
आरा/भोजपुर: बिहार सरकार के गृह विभाग के नए निर्देश के तहत अब पुलिस अधीक्षक (SP) भी थानों में सीधे जनता से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। इसी क्रम में, भोजपुर के पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने बुधवार को आरा के नवादा थाने में ‘जनता दरबार’ आयोजित किया।
एसपी मिस्टर राज ने थाने में उपस्थित लोगों की फरियाद सुनी और संबंधित पुलिस अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। यह कार्यक्रम उनकी विशेष पहल ‘आपके द्वारा जनता दरबार’ के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य आम जनता और पुलिस प्रशासन के बीच विश्वास और पारदर्शिता को बढ़ाना है।
जनता दरबार के दौरान एसपी ने न केवल आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं, बल्कि उपस्थित जनप्रतिनिधियों से भी इस पहल के सफल संचालन के लिए सुझाव मांगे। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का समाधान समय पर और संतोषजनक ढंग से किया जाए।
भोजपुर पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने बताया कि गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय के निर्देश के अनुसार, अब हर सप्ताह एक दिन पुलिस अधीक्षक स्वयं थानों में जाकर जनता दरबार लगाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं तक पुलिस प्रशासन की पहुंच को आसान बनाना और त्वरित न्याय सुनिश्चित करना है।
इस पहल से न केवल जनता की समस्याओं का तत्काल समाधान होगा, बल्कि पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास और सहयोग को भी मजबूती मिलेगी।