Sunday, July 26

This slideshow requires JavaScript.

एक ही कार चार लोगों को बेचकर लाखों की ठगी का आरोप

बड़नगर में वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, पीड़ितों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

बड़नगर। नगर में वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर कथित रूप से बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो दलालों ने एक ही स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक MP09CJ2292) को अलग-अलग समय पर चार लोगों को बेचकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की। पीड़ितों का कहना है कि पुलिस को कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

This slideshow requires JavaScript.

जानकारी के अनुसार, मामले में प्रवीण पंवार एवं विक्रम सिंह गौड़ (निवासी संगम चौराहा, बड़नगर/रतलाम) पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। संबंधित वाहन मूल रूप से प्रेम सिंह पाल, निवासी राजगढ़ नाका, झाबुआ के नाम पर पंजीकृत बताया गया है।

पहला सौदा

पीड़िता आशना खान, पति अतहर खान, निवासी बड़नगर ने आरोप लगाया कि रतलाम निवासी अभिषेक देवड़ा के माध्यम से उन्हें उक्त कार ₹2.20 लाख में बेची गई। बताया गया कि सौदा बिना किसी विधिवत लिखित अनुबंध के केवल व्हाट्सएप पर दस्तावेज भेजकर किया गया। वाहन खरीदने के बाद उन्होंने उसकी मरम्मत एवं डेकोरेशन पर करीब ₹1 लाख अतिरिक्त खर्च किए।

पीड़िता का आरोप है कि करीब दो माह बाद आरोपियों ने मूल दस्तावेज झाबुआ से लाने का बहाना बनाकर वाहन वापस ले लिया और फिर लौटाया नहीं।

एक ही वाहन को कई बार बेचने का आरोप

पीड़ितों के अनुसार, जांच में सामने आया कि उसी कार को बाद में कई अन्य लोगों को भी बेचा गया।

  • दूसरा सौदा: अंकित चौधरी (निवासी सुकलाना) को ₹1.50 लाख में।
  • तीसरा सौदा: बाद में वाहन वापस लेकर आयुष राठौड़ (निवासी संगम चौराहा) को ₹1.50 लाख में बेच दिया गया।
  • चौथा सौदा: आयुष राठौड़ ने उक्त वाहन गौतम जायसवाल को ₹1.55 लाख में बेच दिया।

पुलिस कार्रवाई पर सवाल

धोखाधड़ी का आरोप लगाने वाले पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने संबंधित थाना पुलिस को कई बार लिखित शिकायतें दी हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि कार्रवाई के अभाव में आरोपी बेखौफ घूम रहे हैं और संबंधित वाहन अब भी बड़नगर क्षेत्र में चलाया जा रहा है।

पीड़ितों ने प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की है।

नोट: यह समाचार पीड़ितों द्वारा लगाए गए आरोपों एवं उपलब्ध शिकायतों के आधार पर तैयार किया गया है। आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच एवं पुलिस कार्रवाई के बाद ही होगी।

(सद्वार्ता)

Leave a Reply