Sunday, July 26

This slideshow requires JavaScript.

आजाद जयंती पर भाजयुमो का स्वच्छता अभियान, चंद्रशेखर आजाद को पुष्पांजलि अर्पित

उज्जैन। अमर शहीद पंडित चंद्रशेखर आजाद की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) नगर जिला उज्जैन द्वारा ‘आजाद प्रेरणा पर्व’ के अंतर्गत चंद्रशेखर आजाद उद्यान, महाकाल सिंधी कॉलोनी (दो तालाब के पास) में स्वच्छता अभियान एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

This slideshow requires JavaScript.

कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने उद्यान परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर कचरा एकत्रित किया, झाड़ियों की सफाई की तथा परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर युवाओं को स्वच्छता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव ने कहा कि शहीद चंद्रशेखर आजाद का जीवन त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज और राष्ट्र सेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

भारतीय जनता पार्टी नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि ‘आजाद प्रेरणा पर्व’ देशभक्ति, त्याग और बलिदान की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और इसी भावना के साथ आज उद्यान में स्वच्छता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम में भाजपा नगर महामंत्री आनंद सिंह, नवनियुक्त भाजयुमो जिलाध्यक्ष नितिन सेन, यूडीए उपाध्यक्ष मुकेश यादव, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र अंजना, मंडल अध्यक्ष मुकेश पोरवाल, प्रदेश मंत्री कार्तिकेय मिश्रा, हर्षवर्धन कुशवाह सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने शहीद चंद्रशेखर आजाद के आदर्शों पर चलने, राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहने तथा स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेते हुए पुष्पांजलि अर्पित की।

— SDNA

Leave a Reply