बेंगलुरु में महिला की सनसनीखेज हरकतें: पुलिस इंस्पेक्टर को प्रेम प्रस्ताव, धमकी और आत्महत्या की चेतावनी
बेंगलुरु।बेंगलुरु से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला द्वारा लगातार उत्पीड़न, धमकी और आत्महत्या की चेतावनी से एक पुलिस इंस्पेक्टर को गंभीर मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। राममूर्ति नगर पुलिस स्टेशन में तैनात स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) सतीश जी.जे. की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को इंस्पेक्टर सतीश जी.जे. को एक अज्ञात नंबर से लगातार व्हाट्सएप कॉल आने लगे। कॉल उठाने पर महिला ने खुद को संजना उर्फ वनजा बताते हुए पुलिस इंस्पेक्टर से प्रेम का दावा किया और उनसे भी उसी तरह का रिश्ता बनाने का दबाव डाला। शुरू में इंस्पेक्टर ने इसे शरारत समझा, लेकिन महिला अलग-अलग नंबरों से बार-बार संपर्क करती रही। मजबूरन इंस्पेक्टर को सभी नंबर ब्लॉक करने पड़े।
इसके बाद महिला ने खुद को कांग्रेस कार्यकर्ता बताते हुए दावा किया...










