

इंदौर, 18 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में तहसील जूनी इंदौर अंतर्गत ग्राम खजराना स्थित लगभग 80 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जूनी इंदौर श्री घनश्याम धनगर के नेतृत्व में राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर सर्वे क्रमांक 435/1/1/1, रकबा 1.200 हेक्टेयर पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान 7 पक्की दुकानें, 2 मकान, झोपड़ियां तथा अस्थायी टीन शेड हटाए गए।
तहसीलदार श्री राकेश सस्तिया ने बताया कि मुक्त कराई गई भूमि पर भविष्य में अस्पताल का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्रवासियों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने स्पष्ट कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जनहित के कार्यों के लिए शासकीय संपत्तियों को सुरक्षित रखने हेतु ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।


