
मैक्सिको। मिस यूनिवर्स 2025 का ताज मैक्सिको की 25 वर्षीय सुंदरी फातिमा बॉश ने अपने नाम कर लिया है। जैसे ही उन्हें क्राउन पहनाया गया, फातिमा अपनी खुशी के आंसू रोक नहीं पाईं और फूट-फूटकर रोने लगीं।
फातिमा वही प्रतियोगी हैं जिनके बारे में हाल ही में विवादित वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्हें ‘मूर्ख’ कहकर निशाना बनाया गया था। उस घटना के बावजूद फातिमा ने अपने आत्मविश्वास और प्रतिभा से 120 देशों की प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम किया।
फातिमा बॉश कौन हैं?
फातिमा बॉश 25 साल की हैं और उन्होंने Iberoamericana यूनिवर्सिटी से फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई की है। बचपन में उन्हें डिस्लेक्सिया जैसी समस्या रही, जिससे स्कूल में उनका मज़ाक उड़ाया गया। लेकिन फातिमा ने अपनी कमजोरी को अपनी ताकत बनाया और साबित कर दिया कि वे ब्यूटी विद ब्रेन का जीता-जागता उदाहरण हैं।
विवाद का किस्सा
प्रतियोगिता के दौरान, मिस यूनिवर्स थाईलैंड के निदेशक नवात इत्सराग्रिसिल नाराज हो गए क्योंकि फातिमा सोशल मीडिया पर कंटेंट शेयर नहीं कर रही थीं। वायरल वीडियो में निदेशक ने फातिमा को ‘मूर्ख’ कहा, जिससे प्रतियोगिता में अन्य सुंदरियों ने भी विरोध स्वरूप रूम छोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन को हस्तक्षेप करना पड़ा और अंततः निदेशक को फातिमा से माफी मांगनी पड़ी।
फॉलोअर्स और लोकप्रियता
विवाद के बावजूद फातिमा का आत्मविश्वास नहीं टूटा। उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया और अपने फैंस को खुश कर दिया। मिस यूनिवर्स का ताज जीतने के बाद फातिमा के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 20 लाख से अधिक हो गए हैं।
फिनाले और लुक
फातिमा ने फिनाले के मेन राउंड में लाल रंग का लम्बा गाउन पहना, जिसमें गोल्डन वर्क और केप के साथ उन्हें बेहद एलिगेंट और रॉयल लुक मिला। जैसे ही उन्हें क्राउन पहनाया गया, फातिमा भावनाओं पर काबू न पाते हुए फूट-फूटकर रो पड़ीं।
टॉप-5 प्रतिभागी
- फातिमा बॉश (मैक्सिको)
- प्रवीणर सिंह (थाईलैंड)
- स्टेफनी अबसाली (वेनेजुएला)
- मा अतिसा मनालो (फिलीपींस)
- ऑलिविया (कोट डीआइवरी)
फातिमा की कहानी न केवल उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा की मिसाल है, बल्कि यह साबित करती है कि किसी की राय हमें कभी रोक नहीं सकती।