
भोपाल: राजधानी भोपाल के कमला नगर इलाके में गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खुले मैदान में बने सेप्टिक टैंक से टीन के बक्से में बंद एक महिला का शव बरामद किया गया। शव की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोग दंग रह गए। पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया हत्या कर साक्ष्य छिपाने का मामला माना है और जांच शुरू कर दी है।
शाम को मिली सूचना, रात में खुला राज
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक स्थानीय निवासी ने सूचना दी कि मैदान में बने सेप्टिक टैंक के पानी में एक संदिग्ध टीन का बक्सा तैर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बक्से को बाहर निकलवाया।
जब पुलिस ने बक्सा खोला तो उसमें महिला का शव बंद मिला। शव करीब 3 से 4 दिन पुराना बताया जा रहा है, जो काफी हद तक गल चुका है। इसी कारण मौके पर महिला की पहचान करना संभव नहीं हो सका।
हत्या कर शव ठिकाने लगाने की आशंका
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह शव को बक्से में बंद कर सेप्टिक टैंक में फेंका गया है, उससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से यहां ठिकाने लगाया गया।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और समय का सही खुलासा हो सकेगा।
लापता महिलाओं की सूची खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब आसपास के इलाकों में लापता महिलाओं की जानकारी जुटा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बक्सा वहां कैसे पहुंचा और किसने उसे सेप्टिक टैंक में फेंका।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है और जल्द ही मृतका की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
