Saturday, February 7

लखनऊ: थार से लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 7 शातिर बदमाश गिरफ्तार

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में थार से लिफ्ट देकर ट्रक चालकों और यात्रियों को अगवा कर लूटपाट करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। पुलिस ने इस गिरोह के 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है और लूटपाट में इस्तेमाल की गई थार, दो तमंचे, दो मोबाइल और 40,130 रुपये बरामद किए हैं।

This slideshow requires JavaScript.

लूट की घटनाएं:
पकड़े गए आरोपियों ने सैरपुर, सरोजनीनगर और बीकेटी क्षेत्रों में लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट की। आरोप है कि गिरोह यात्रियों को कम किराए में थार में बैठाता और उन्हें बंधक बनाकर लूटता था।

ट्रक चालक निशाने पर:
कानपुर के घाटमपुर निवासी हृदय नारायण, जो ट्रक चालक हैं, 31 जनवरी को अमौसी स्थित एलपीजी गैस प्लांट से कानपुर जा रहे थे। हाइडिल इलाके में उन्हें 100 रुपये में कानपुर छोड़ने का झांसा दिया गया और फिर बंधक बनाकर 60 हजार रुपये लूट लिए गए। विरोध करने पर मारपीट कर उन्हें सैरपुर के आलू के खेत में फेंक दिया गया।

सीसीटीवी फुटेज से खुलासा:
पुलिस ने घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में बदमाश किसान पथ होते हुए शहीद पथ पर जाते दिखे और थार की नंबर प्लेट बदलते नजर आए। इसी आधार पर लोधमऊ अंडरपास की सर्विस लेन पर घेराबंदी कर ऋषभ गोस्वामी, अक्षय कुमार, आलोक और शुभम पांडेय को गिरफ्तार किया गया।

थार ट्रेवल एजेंसी का संबंध:
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह रोजाना 5,000 रुपये किराए पर थार लेता था। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर या हटाकर वारदात को अंजाम दिया जाता था। लूट की रकम में ट्रेवल एजेंसी संचालक ऋषभ पांडेय का भी हिस्सा था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

अन्य वारदातें:
3 फरवरी को सरोजनीनगर क्षेत्र में फिदा हुसैन से 5,400 रुपये, मोबाइल, घड़ी और गूगल पे से 1 लाख रुपये लूट लिए गए। बाद में उसे रनिया क्षेत्र में छोड़ दिया गया। इस मामले में ज्ञानी और रामसफल को भी गिरफ्तार किया गया।

आपराधिक रिकॉर्ड:
स्वाट प्रभारी शिवानंद ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक रिकॉर्ड भी लंबा है। ऋषभ गोस्वामी पर 7 मुकदमे, अक्षय पर 5 मुकदमे और ऋषभ पांडेय पर 1 मुकदमा दर्ज है।

Leave a Reply