Friday, December 26

रांची में सनक की हद: एकतरफा प्यार में युवती को सीने में मारी गोली, फिर आरोपी ने बनाया वीडियो

 

This slideshow requires JavaScript.

 

 

झारखंड की राजधानी रांची से सटे खलारी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के नाम पर इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक सनकी युवक ने शुक्रवार सुबह सरेआम एक युवती के सीने में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया और बाद में वीडियो बनाकर युवती पर धोखा देने का आरोप लगाया, फिर खुद को भी गोली मार ली।

 

ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के अनुसार, घटना सुबह करीब 9:15 बजे केडीएच ग्राउंड के पास की है। युवती जैसे ही अपने घर से बाहर निकली, आरोपी ने रास्ते में उसे घेर लिया और बिना किसी चेतावनी के गोली चला दी। गोली लगते ही युवती खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी।

 

छह साल के प्रेम संबंध का खौफनाक अंत

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और युवती एक ही मोहल्ले के निवासी थे और पिछले छह वर्षों से प्रेम संबंध में थे। हाल ही में युवती की शादी कहीं और तय हो गई थी, जिससे आरोपी गहरे मानसिक तनाव और नाराजगी में आ गया। इसी एकतरफा आक्रोश ने उसे इस जघन्य अपराध के लिए उकसाया।

 

वारदात के बाद वीडियो बनाकर उगली भड़ास

 

घटना के बाद आरोपी सीधे अपने घर पहुंचा, जहां उसने करीब 10 मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में उसने युवती पर उसे धोखा देने का आरोप लगाते हुए अपनी कुंठा जाहिर की। पुलिस के अनुसार, यह वीडियो इस बात की ओर इशारा करता है कि वारदात पूर्व नियोजित थी। वीडियो बनाने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली।

 

युवती की हालत नाजुक, रांची रेफर

 

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे रांची के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया है। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

 

सीसीएल कर्मियों के परिवार से जुड़े हैं दोनों पक्ष

 

पुलिस ने बताया कि आरोपी का परिवार मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का रहने वाला है और वर्तमान में केडीएच कॉलोनी में रह रहा है। आरोपी का भाई और युवती के पिता दोनों सीसीएल में कार्यरत हैं।

 

जांच जारी, इलाके में पुलिस तैनात

 

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply