Thursday, May 14

This slideshow requires JavaScript.

उत्तराखंड के 240 टॉपर छात्र भारत दर्शन पर रवाना, मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी विज्ञान, तकनीक व संस्कृति से रूबरू होंगे मेधावी छात्र

देहरादून। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा-2025 के 240 टॉपर छात्र-छात्रियों को रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एससीईआरटी ननूरखेड़ा में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को देश की प्रगति, विज्ञान, तकनीक, इतिहास और सांस्कृतिक विविधता को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर प्रदान करना है।

This slideshow requires JavaScript.

भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत विभिन्न राज्यों का भ्रमण

मुख्यमंत्री धामी की पहल पर शुरू हुए इस कार्यक्रम के अंतर्गत मेधावी छात्रों का दल देश के विभिन्न वैज्ञानिक और तकनीकी संस्थानों का दौरा करेगा। इनमें इसरो, श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, यूआर राव उपग्रह केंद्र और विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र जैसे प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं।

सीएम धामी ने कहा कि पुस्तकों में पढ़ी गई जानकारी महत्वपूर्ण है, लेकिन प्रत्यक्ष अनुभव छात्रों की समझ और दृष्टिकोण को कई गुना बढ़ा देता है। उन्होंने बच्चों को यात्रा के दौरान अपने अनुभव डायरी में लिखने और उत्तराखंड की उपलब्धियों व नवाचारों का उल्लेख करने की भी प्रेरणा दी। वापसी पर इन डायरी के आधार पर प्रत्येक जनपद से दो छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

कार्यक्रम में हुआ विस्तार, 156 से बढ़कर 240 हुए प्रतिभागी

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2024-25 में कार्यक्रम के पहले चरण में 156 छात्रों ने देश के प्रमुख वैज्ञानिक संस्थानों का भ्रमण किया था। इस वर्ष छात्रों की संख्या बढ़ाकर 240 कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ाई जाएगी ताकि अधिक से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को यह अवसर मिल सके।

टीमवर्क, आत्मविश्वास और कौशल विकास पर जोर

सीएम धामी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा न केवल ज्ञानवर्धक होगी, बल्कि टीमवर्क, सामाजिक कौशल और आत्मविश्वास को भी मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में यही छात्र वैज्ञानिक, इंजीनियर, डॉक्टर, उद्यमी और नीति निर्माता बनकर देश का नेतृत्व करेंगे।

धामी ने छात्रों से अपील की—
“अपने सपनों को हमेशा बड़ा रखें। चुनौतियां आएंगी, कठिनाइयां आएंगी, लेकिन सीखते हुए आगे बढ़ते रहें। सफलता अवश्य मिलेगी।”

वंदेमातरम गायन में 21 लाख लोगों ने की भागीदारी

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में इस वर्ष वंदेमातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर राज्य के 23 हजार स्कूलों में एक साथ वंदेमातरम का गायन किया गया, जिसमें रिकॉर्ड 21 लाख लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी वर्ष से शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम में एक हजार प्रतिभाशाली छात्रों को भेजने की अनुमति मिल चुकी है।

भारत दर्शन के इस महत्वपूर्ण अभियान से उत्तराखंड के मेधावी छात्र न केवल ज्ञानवर्धक अनुभव लेकर लौटेंगे, बल्कि देशभर में राज्य की संस्कृति और पहचान के प्रतिनिधि के रूप में भी अपनी छाप छोड़ेंगे।

Leave a Reply