Tuesday, August 11

This slideshow requires JavaScript.

झारखंडः चतरा में ACB की बड़ी कार्रवाई, आयुष पदाधिकारी 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

चतरा: झारखंड में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने एक और भ्रष्टाचार के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। चतरा के जिला आयुष पदाधिकारी राम प्रकाश वर्मा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई ने जिले के स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया।

This slideshow requires JavaScript.

रिश्वत की मांग
ACB के अनुसार, राम प्रकाश वर्मा ने टंडवा प्रखंड में पदस्थापित आयुष चिकित्सक डॉ. प्रिया कुमारी से विभागीय कार्यों के निष्पादन के एवज में 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने यह शिकायत हजारीबाग स्थित ACB कार्यालय में लिखित रूप में दर्ज कराई। शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

एसीबी ने मौके पर किया गिरफ्तार
एसपी आरिफ एकराम के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही राम प्रकाश वर्मा ने रिश्वत स्वीकार की, एसीबी ने चतरा सदर अस्पताल परिसर स्थित आयुष भवन में उन्हें मौके पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई।

गिरफ्तारी के बाद राम प्रकाश वर्मा को हजारीबाग ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया गया है कि आरोपी मूलरूप से रांची के तुपुदाना इलाके के निवासी हैं।

राज्य में हाल के दिनों में भ्रष्टाचार के मामलों में जांच एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले सोमवार को एसीबी ने रांची जिले के बुंडू प्रखंड में ब्लॉक कोऑर्डिनेटर जगन्नाथ गोप को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। वहीं, 1 फरवरी को सीबीआई ने रांची में जमीन के बदले रिश्वत लेने के आरोप में एक सेना हवलदार और एक निजी व्यक्ति को 50 हजार रुपए लेते हुए गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply