Thursday, July 23

This slideshow requires JavaScript.

इंदौर को मिली बड़ी सौगात, प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर की एक भुजा का लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले— इंदौर और विकास एक-दूसरे के पर्याय

इंदौर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)

This slideshow requires JavaScript.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर को बड़ी अधोसंरचनात्मक सौगात देते हुए मध्यप्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज की एक भुजा का लोकार्पण किया। लवकुश चौराहा पर लगभग 175 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस फ्लाईओवर को उन्होंने आधुनिक तकनीक और उन्नत इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर और विकास एक-दूसरे के पर्याय हैं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए इंदौर-उज्जैन मार्ग पर बढ़ते यातायात के सुगम संचालन में यह फ्लाईओवर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे यात्रा समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी, ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना विकसित इंदौर और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और आने वाले वर्षों में शहर की आधुनिक पहचान बनेगी।

त्रिस्तरीय यातायात व्यवस्था होगी खास आकर्षण

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी त्रिस्तरीय यातायात व्यवस्था है। पहले स्तर पर सामान्य यातायात, दूसरे स्तर पर वर्तमान फ्लाईओवर एवं मेट्रो रेल कॉरिडोर तथा तीसरे स्तर पर नया डबल लेयर फ्लाईओवर संचालित होगा। इससे लवकुश चौराहे पर यातायात का दबाव काफी कम होगा।

करीब 1,450 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा कराया गया है। इसमें 22 मीटर की ऊंचाई पर 65 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े स्पान पर दो 400-400 टन वजनी स्टील बो-स्ट्रिंग गर्डर लगाए गए हैं। परियोजना में कुल 800 टन स्टील का उपयोग किया गया है।

फ्लाईओवर की एक भुजा शुरू होने के बाद अरविंदो अस्पताल से बाणगंगा की ओर यातायात प्रारंभ हो गया है। दूसरी भुजा का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही उसे भी शुरू किया जाएगा।

कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर किया नमन

राष्ट्रभक्ति और त्याग का संदेश सदैव प्रेरित करता रहेगा

इंदौर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महान क्रांतिकारी एवं स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने अदम्य साहस, अटूट राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण के बल पर स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की। उनका त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रसेवा का संदेश प्रत्येक भारतीय को देश के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


समान नागरिक संहिता को मिला व्यापक जनसमर्थन

विभिन्न धर्मों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का किया स्वागत

इंदौर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर प्रदेश में विभिन्न धर्मों और सामाजिक संगठनों का व्यापक समर्थन देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इंदौर आगमन पर विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि तथा अनेक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए समान नागरिक संहिता लागू करने के निर्णय का समर्थन किया और उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समान नागरिक संहिता का उद्देश्य सभी नागरिकों को समान अधिकार और समान न्याय उपलब्ध कराना है। यह संविधान की मूल भावना के अनुरूप सामाजिक समरसता, समानता और न्याय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा और सभी को समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने समर्थन के लिए उपस्थित सभी धर्मों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज का यह विश्वास प्रदेश के समावेशी विकास और सामाजिक सौहार्द को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

(SDNA)

Leave a Reply