

जबलपुर। (सद्वार्ता)

खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रय के लिए नया लाइसेंस प्राप्त करने के इच्छुक आवेदकों को आवश्यक तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा शनिवार को आधारताल स्थित कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण केंद्र में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण विशेष रूप से उन आवेदकों के लिए था, जिनके पास बी.एससी. एग्रीकल्चर अथवा बी.एससी. रसायन विज्ञान की डिग्री नहीं है, लेकिन वे खाद, बीज एवं कीटनाशक का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं।
प्रशिक्षण में फेसिलिटेटर वी.जी. गोस्वामी के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को ‘देसी’ (डिप्लोमा इन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन सर्विसेज फॉर इनपुट डीलर्स) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही कृषि से जुड़े विभिन्न कानूनों एवं नियमों की भी जानकारी प्रदान की गई।
उप संचालक कृषि एवं अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ. इंदिरा त्रिपाठी ने उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश-1985, आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 तथा लाइसेंस प्राप्त करने के बाद दुकान संचालन, अभिलेख संधारण, खाद-बीज के सैंपल लेने एवं देने की प्रक्रिया और कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।
कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण केंद्र की प्राचार्य श्रीमती अरुणिमा सेन ने बीज अधिनियम एवं बीज नियंत्रण आदेश की जानकारी देते हुए बताया कि खाद-बीज विक्रेताओं को भविष्य में कानूनी नियमों का पालन करते हुए अभिलेखों का सही संधारण करना आवश्यक है।
प्रशिक्षण में बताया गया कि ‘देसी’ डिप्लोमा कृषि मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंध संस्थान (MANAGE), हैदराबाद के माध्यम से संचालित एक वर्षीय विशेष पाठ्यक्रम है। खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रय का नया लाइसेंस प्राप्त करने के लिए यह डिप्लोमा अनिवार्य है। इसका उद्देश्य विक्रेताओं को तकनीकी कृषि ज्ञान प्रदान करना है, ताकि वे किसानों को सही एवं वैज्ञानिक परामर्श दे सकें।
अधिकारियों ने बताया कि इस एक वर्षीय पाठ्यक्रम में सप्ताह में केवल एक दिन कक्षाएं आयोजित की जाती हैं। डिप्लोमा में प्रवेश के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं उत्तीर्ण निर्धारित है तथा प्रत्येक बैच में सामान्यतः 40 अभ्यर्थियों का चयन किया जाता है।
कृषि विभाग ने इच्छुक आवेदकों से अपने जिले के उप संचालक कृषि कार्यालय, आत्मा परियोजना कार्यालय अथवा कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण केंद्र से संपर्क कर आगामी बैच की जानकारी प्राप्त करने एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने की अपील की है।


