

नई दिल्ली, 22 जुलाई(सद्वार्ता): कांग्रेस सहित विभिन्न विपक्षी दलों के सांसदों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बर्खास्तगी की मांग को लेकर बुधवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया।

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित होने के बाद विपक्षी सांसद संसद भवन के मकर द्वार पर एकत्र हुए। इस दौरान सांसदों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की।
विपक्षी सांसदों ने परीक्षा संबंधी अनियमितताओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
विपक्ष ने मांग की कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और छात्रों के हितों की सुरक्षा के लिए सरकार ठोस कदम उठाए। प्रदर्शन में कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के नेता और सांसद शामिल रहे।


