

नई दिल्ली, 22 जुलाई (सद्वार्ता): कांग्रेस ने छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर में संवाद अभियान चलाने का निर्णय लिया है। पार्टी बुधवार को ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और अन्य शैक्षणिक परिसरों में जाकर छात्रों से संवाद करेगी।

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि इस अभियान का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं और उनकी चिंताओं को संगठित तरीके से सामने लाना है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं में देरी, भर्ती प्रक्रिया में अनिश्चितता, शिक्षा की बढ़ती लागत और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर छात्रों की आवाज उठाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि देश के युवा कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं और उनकी समस्याओं को सुनना तथा समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है। अभियान के माध्यम से छात्रों के सुझाव और अनुभवों को भी सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
कांग्रेस ने कहा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दे युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़े हैं और इन विषयों पर व्यापक चर्चा की आवश्यकता है।


