Tuesday, February 24

ईरान मिशन पर निकले अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर के नाविकों का बुरा हाल: टॉयलेट में 45 मिनट लाइन

वॉशिंगटन/तेहरान: दुनिया के सबसे महंगे और शक्तिशाली अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS गेराल्ड आर. फोर्ड (CVN-78) पर तैनात नाविकों को बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक जहाज पर पतले पाइप और बार-बार जाम होने वाले टॉयलेट के कारण नाविकों को घंटों लाइन में लगना पड़ता है, कभी-कभी 45 मिनट तक टॉयलेट की प्रतीक्षा करनी पड़ती है

This slideshow requires JavaScript.

यह जहाज, जिसे अमेरिकी शक्ति प्रदर्शन के लिए डिजाइन किया गया है, जनवरी से लगातार समुद्र में तैनात है और हाल ही में ईरान पर संभावित कार्रवाई के लिए पश्चिम एशिया की ओर बढ़ा। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में कहा गया है कि बार-बार होने वाली सीवेज सिस्टम की फेलियर से क्रू का मनोबल प्रभावित हो रहा है और ऑपरेशनल तैयारियों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रीस में पोर्ट विजिट के दौरान मरम्मत

USS फोर्ड आज ग्रीस के सौडा बे, क्रीट नेवल बेस पर पोर्ट विजिट के लिए पहुंचा है। यहां जहाज की मरम्मत की जाएगी, सप्लाई फिर से भरी जाएगी और नाविकों को आराम का अवसर मिलेगा। इसके बाद यह जहाज एक बार फिर पश्चिमी एशिया में इजरायल का समर्थन करने के लिए रवाना होगा।

लगातार लंबी तैनाती, नाविकों में गुस्सा

रिटायर्ड रियर एडमिरल मार्क मोंटगोमरी ने बताया कि सामान्य परिस्थितियों में कैरियर की तैनाती छह महीने की होती है, लेकिन USS फोर्ड के नाविक अब आठ महीने से घर से दूर हैं और संभावना है कि उनकी तैनाती 11 महीने तक बढ़ जाएगी। इस वजह से नाविकों में गुस्सा और तनाव बढ़ रहा है। कई नाविक अपने परिवार के महत्वपूर्ण पलों—जैसे बच्चों के जन्म या करीबी के अंतिम संस्कार—में शामिल नहीं हो पाए हैं।

कैप्टन डेविड स्कारोसी, फोर्ड के कमांडिंग ऑफिसर ने बताया कि क्रू की लंबी तैनाती और अतिरिक्त एक्सटेंशन के “दर्द” से वे भी हैरान हैं। उन्होंने 14 फरवरी को क्रू के परिवारों को लिखे पत्र में कहा कि उम्मीद थी कि नाविक कुछ हफ्तों में घर लौट आएंगे।

जहाज पर 5000 से अधिक क्रू मेंबर

USS फोर्ड पर करीब 5000 क्रू मेंबर हैं, ज्यादातर युवा पुरुष और महिलाएं, जिनकी उम्र 20-25 साल है। संवेदनशील मिशन और इंटरनेट प्रतिबंध के कारण उन्हें अपने परिवार और दुनिया से कटकर रहना पड़ता है, जिससे तनाव और नाराजगी और बढ़ रही है।

यह एयरक्राफ्ट कैरियर न केवल अमेरिका की समुद्री ताकत का प्रतीक है, बल्कि अब यह अपनी बेसिक सुविधाओं में कमी के चलते नाविकों के लिए एक चुनौती बन गया है।

Leave a Reply