Friday, May 15

This slideshow requires JavaScript.

भारत में होगी बिग बैश लीग की एंट्री! चेन्नई में हो सकता है पहला मुकाबला, IPL की तरह बड़ा धमाका करने की तैयारी

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित और लोकप्रिय टी20 लीग बिग बैश लीग (BBL) अब भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के बीच भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अगले सीजन की शुरुआत भारत से करने की योजना पर काम कर रहा है और बीबीएल का ओपनिंग मुकाबला चेन्नई में आयोजित किया जा सकता है।

This slideshow requires JavaScript.

अगर यह योजना सफल होती है, तो यह पहली बार होगा जब बिग बैश लीग का कोई आधिकारिक मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से बाहर, भारत में खेला जाएगा। यह कदम टी20 क्रिकेट की दुनिया में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है और इसे वैश्विक स्तर पर लीग के विस्तार की दिशा में बड़ा मास्टरप्लान बताया जा रहा है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बड़ा मास्टरप्लान

सूत्रों के अनुसार, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के दो वरिष्ठ अधिकारी फिल रिग्बी (बिजनेस ऑपरेशंस हेड) और मार्गोट हार्ले (कंपटीशन डेवलपमेंट हेड) हाल ही में भारत दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने चेन्नई स्थित ऐतिहासिक एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) का निरीक्षण किया और वहां की लॉजिस्टिक्स, सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

चेन्नई को चुनने के पीछे एक बड़ी वजह वहां के क्रिकेट प्रेमियों का जुनून और आईपीएल का मजबूत इतिहास बताया जा रहा है। चेपॉक स्टेडियम पहले से ही बड़े मुकाबलों और क्रिकेट के माहौल के लिए जाना जाता है, जिससे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को यहां एक बड़ा बाजार मिलने की उम्मीद है।

पर्थ स्कॉर्चर्स सबसे प्रबल दावेदार

चेन्नई में संभावित ओपनिंग मैच के लिए पर्थ स्कॉर्चर्स को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इसके पीछे दो प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं।
पहला, पर्थ और भारत के समय में केवल 2.5 घंटे का अंतर है, जिससे ब्रॉडकास्टिंग और मैच टाइमिंग को लेकर कोई बड़ी दिक्कत नहीं होगी।
दूसरा, पर्थ स्कॉर्चर्स बीबीएल की सबसे सफल टीम है, जिसने अब तक 6 खिताब अपने नाम किए हैं।

इतना ही नहीं, रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि पर्थ स्कॉर्चर्स के मालिक भारतीय निवेशकों के साथ साझेदारी करने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

भारतीय निवेशकों पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की नजर

बीग बैश लीग को और बड़ा बनाने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अब इसे एक वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करना चाहता है। जानकारी के अनुसार, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अपनी 8 में से कम से कम 2 फ्रेंचाइजी बेचने की तैयारी में है।

ऐसे में भारत में मैच कराने का मुख्य उद्देश्य भारतीय उद्योगपतियों और बड़े निवेशकों को आकर्षित करना है। खबरें यह भी हैं कि सिडनी थंडर और मेलबर्न रेनेगेड्स जैसी टीमों में आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों की रुचि बढ़ रही है।

BCCI की अनुमति सबसे अहम

हालांकि यह योजना जितनी रोमांचक दिख रही है, उतनी ही बड़ी चुनौती भी है। इसे अमल में लाने के लिए BCCI की अनुमति सबसे जरूरी होगी। बिना बीसीसीआई की हरी झंडी के भारत में किसी विदेशी टी20 लीग का मुकाबला आयोजित करना संभव नहीं है।

इसके अलावा, आधिकारिक ब्रॉडकास्टर्स और अन्य स्टेकहोल्डर्स की सहमति भी आवश्यक होगी। तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन ने बातचीत की पुष्टि तो की है, लेकिन स्पष्ट किया है कि अंतिम फैसला बीसीसीआई ही करेगा।

क्रिकेट जगत में बढ़ेगी हलचल

अगर बिग बैश लीग भारत में अपने मुकाबले आयोजित करने में सफल होती है, तो यह टी20 क्रिकेट के बाजार में एक बड़ा बदलाव होगा। आईपीएल के बाद भारत दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट बाजार माना जाता है और इसी बाजार में बीबीएल की एंट्री क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के लिए आर्थिक और ब्रांडिंग के लिहाज से बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है।

अब सबकी नजरें बीसीसीआई के फैसले पर टिकी हैं, क्योंकि एक मंजूरी के साथ ही भारतीय क्रिकेट फैंस को जल्द ही आईपीएल के अलावा एक और बड़ी टी20 लीग का रोमांच अपने ही देश में देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply