Thursday, February 12

शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’ ने एडवांस बुकिंग में मर्दानी 3 को पीछे छोड़ा, पहले दिन कमाई के रेस में सबसे आगे

लखनऊ/मुंबई: बॉलीवुड में वैलेंटाइन्स डे वीकेंड के पहले ही दिन दर्शकों के बीच रोमांच और उत्साह का माहौल बन गया है। शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर ‘ओ रोमियो’ की एडवांस बुकिंग ने बीते 24 घंटों में जबरदस्त उछाल देखा है। शुक्रवार, 13 फरवरी को रिलीज हो रही इस फिल्म ने प्री-बुकिंग में रानी मुखर्जी की हालिया रिलीज ‘मर्दानी 3’ को पीछे छोड़ दिया है।

This slideshow requires JavaScript.

24 घंटे में तीन गुना वृद्धि

Sacnilk के आंकड़ों के अनुसार, ‘ओ रोमियो’ की एडवांस बुकिंग बुधवार सुबह 16,577 टिकटों से गुरुवार सुबह तक बढ़कर 50,648 टिकटों तक पहुंच गई। इस दौरान फिल्म ने 1.19 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन हासिल किया। ब्लॉक सीटों को जोड़कर कुल एडवांस कमाई 3.27 करोड़ रुपये पहुंच चुकी है।

फिल्म की एडवांस बुकिंग ने ‘मर्दानी 3’ को पीछे छोड़ते हुए साबित कर दिया कि बॉक्स ऑफिस पर शाहिद कपूर की वापसी जोरदार हो सकती है।

बॉक्स ऑफिस विशेषज्ञ क्या कहते हैं

ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक, स्टाइलिश रोमांटिक थ्रिलर फिल्में दर्शकों को आकर्षित करती हैं। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी यह फिल्म और पहले ही हिट गानों के कारण वैलेंटाइन्स डे पर विशेष लाभ उठा सकती है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि ओपनिंग डे पर 5-7 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन संभावित है, जबकि सही शोज और प्राइम टाइम स्लॉट मिलने पर यह 8-9 करोड़ रुपये तक जा सकती है।

फिल्म का प्‍लॉट और कहानी

‘ओ रोमियो’ एस. हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ से प्रेरित है। यह रोमांटिक एक्शन थ्रिलर 90 के दशक के मुंबई अंडरवर्ल्ड में आधारित है। फिल्म में कॉन्ट्रैक्ट किलर हुसैन उस्तारा (शाहिद कपूर) और अपने पति की हत्या का बदला लेने वाली अफशा (तृप्ति डिमरी) के बीच का रोमांचक सफर दिखाया गया है।

बजट और स्टारकास्ट

विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी यह फिल्म 60-65 करोड़ रुपये के बजट में बनी है। स्टारकास्ट में शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी, अविनाश तिवारी, नाना पाटेकर, तमन्ना भाटिया, विक्रांत मैसी, दिशा पाटनी और फरीदा जलाल शामिल हैं।

पहले दिन की उम्मीद

वैलेंटाइन डे वीकेंड और एडवांस बुकिंग की मजबूत प्रतिक्रिया के मद्देनजर, ‘ओ रोमियो’ के लिए पहले दिन शानदार कमाई की उम्मीद जताई जा रही है। फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर पकड़ और दर्शकों की प्रतिक्रिया यह तय करेगी कि यह हिट-सुपरहिट बनती है या नहीं।

Leave a Reply