
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोमांचक सुपर ओवर के बावजूद हार का सामना करने वाली अफगानिस्तान टीम को अब आईसीसी से नया झटका लगा है। टीम के अनुभवी खिलाड़ी मोहम्मद नबी पर मैच रेफरी के निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में भारी जुर्माना लगाया गया है और उन्हें कड़ी चेतावनी भी दी गई है।
आईसीसी ने लगाया फाइन और डिमेरिट पॉइंट
आईसीसी ने अहमदाबाद में खेले गए ग्रुप-डी मैच के दौरान मोहम्मद नबी को लेवल 1 के अपराध का दोषी पाया। उन्होंने आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.4 का उल्लंघन किया, जो इंटरनेशनल मैच में अंपायर के निर्देशों का पालन न करने से संबंधित है। नबी को उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना दिया गया। इसके अलावा उनके डिसिप्लिनरी रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया। आईसीसी नियमों के अनुसार यदि किसी खिलाड़ी को 24 महीनों के भीतर 4 या अधिक डिमेरिट पॉइंट मिलते हैं, तो उसे निलंबन का सामना करना पड़ सकता है।
क्या था पूरा विवाद?
यह घटना अफगानिस्तान की पारी के 14वें ओवर की शुरुआत में हुई। मोहम्मद नबी ने दावा किया कि दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी नगिदि द्वारा पहने गए रिस्टबैंड के रंग के कारण उन्हें गेंद देखने में परेशानी हो रही है। अंपायरों जयरामन मदनगोपाल और शरफुद्दौला इब्ने शाहिद ने मामले को तुरंत संभालने के लिए निर्देश दिए, लेकिन नबी ने काफी देर तक बहस जारी रखी। आईसीसी ने इसे खेल भावना और आधिकारिक निर्देशों का उल्लंघन माना।
गलती स्वीकार कर सजा मानी
मोहम्मद नबी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी डेविड गिल्बर्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया। इसके चलते किसी औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
