Thursday, May 14

This slideshow requires JavaScript.

राजस्थान बजट 2026: युवाओं के लिए तोहफों की बरसात, लैपटॉप से लेकर ई-वैचर्स तक का लाभ

जयपुर: राजस्थान विधानसभा में उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने राज्य का 2026-27 का बजट पेश किया। इस बार बजट में युवाओं के लिए कई अहम योजनाओं का ऐलान किया गया है, जिससे छात्रों और नवयुवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

This slideshow requires JavaScript.

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और टेक्नोहब
राजस्थान सरकार ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना का शुभारंभ किया है। इसके अलावा, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की तर्ज पर राजस्थान टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना का भी ऐलान किया गया। अजमेर में स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए टेक्नोहब खोला जाएगा। 500 स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा शुरू की जाएगी और राज्य में स्कूल-टू-वर्क योजना लागू की जाएगी।

मेजर शैतान सिंह कौशल विकास केंद्र
सरकार ने मेजर शैतान सिंह कौशल विकास एवं प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना का ऐलान किया है। यह केंद्र युवाओं को स्किल डेवलपमेंट के नए रास्ते प्रदान करेगा। पूर्व सैनिकों की विधवाओं के बच्चों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विशेष कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

लैपटॉप, साइकिल और यूनिफॉर्म की राशि सीधे खातों में
बजट में छात्रों को टैबलेट, लैपटॉप और साइकिल योजना का पैसा सीधे उनके खातों में भेजा जाएगा, ताकि किसी प्रकार की देरी या गफलत की संभावना न रहे। 1.40 लाख छात्रों को यूनिफॉर्म के लिए भी वित्तीय सहायता दी जाएगी।

डीबीटी ई-वैचर्स से कैशलेस सुविधा
युवाओं को डीबीटी ई-वैचर्स का लाभ मिलेगा। इसके तहत छात्र और युवा सुरक्षित और कैशलेस डिजिटल भुगतान प्रणाली के जरिए सरकारी योजनाओं का पैसा प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें इंटरनेट बैंकिंग या कार्ड की आवश्यकता नहीं होगी; SMS या QR Code के जरिए लाभ सीधे मिलेगा। योजनाओं के तहत 20,000 रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

बायोमेट्रिक सिस्टम और स्कूलों का आधुनिकीकरण
राजकीय स्कूलों और आंगनबाड़ियों के बच्चों (3-6 साल) को फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम के माध्यम से लाभ दिया जाएगा। जिन स्कूलों में शौचालय की कमी है, वहां नए टॉयलेट बनाए जाएंगे। स्कूलों की मरम्मत और विकास के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है।

राजस्थान सरकार का यह बजट युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल और डिजिटल सशक्तिकरण के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply