
हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में भाजपा नेता और पूर्व मंत्री मदन चौहान पर सोमवार रात फॉर्च्यूनर सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। घटना में बड़ी राहत यह रही कि हमलावर की पिस्टल में गोली फंस जाने से गोली नहीं चल पाई और पूर्व मंत्री की जान बच गई।
गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र से तीन बार विधायक चुने जा चुके मदन चौहान इस समय भाजपा में सक्रिय हैं। वे उस समय गांव हिरणपुरा में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे गांव के पास पहुंचे, सफेद रंग की फॉर्च्यूनर में सवार तीन-चार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया।
पिस्टल फंसने से बची जान
मदन चौहान ने बताया कि एक बदमाश ने दोनों हाथों में पिस्टल पकड़ी और उनकी कार की खिड़की के शीशे पर पिस्टल सटाकर फायर किया, लेकिन गोली पिस्टल में फंस गई। उनकी सुरक्षा में मौजूद गनर ने तुरंत बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे गाड़ी से फरार हो गए।
पहले भी हो चुके हैं हमले
पूर्व मंत्री ने इस घटना के बाद पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा जताया है। इससे पहले भी खनन माफिया द्वारा मदन चौहान पर तीन बार हमला किया जा चुका है।
पुलिस ने किया आश्वासन
एएसपी हापुड़ विनीत भटनागर ने कहा, “पूर्व मंत्री पर हमले की सूचना हमें मिली थी। मैंने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूर्व मंत्री से भेंट कर उनका पक्ष जाना। पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
मदन चौहान पर हुए इस हमले ने हापुड़ में सुरक्षा की चिंताओं को बढ़ा दिया है और प्रशासन को सतर्क कर दिया है।
