Thursday, February 5

पार्थ पवार अप्रैल में लड़ेंगे राज्यसभा चुनाव, 6 साल के पूर्ण कार्यकाल की तैयारी

पुणे: महाराष्ट्र के पवार परिवार में अजित पवार के निधन के बाद राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। इस बीच, पार्थ पवार राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं। सूत्रों के अनुसार, वे सुनेत्रा पवार के संभावित इस्तीफे से रिक्त होने वाली सीट से नहीं, बल्कि अप्रैल में होने वाले 7 सीटों के चुनाव में 6 साल के पूर्ण कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ेंगे।

This slideshow requires JavaScript.

अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी के भीतर नेतृत्व की बहस तेज है। सुनेत्रा पवार अब महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम हैं और उन्हें एनसीपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना प्रबल है। डिप्टी सीएम बनने के बाद सुनेत्रा पवार के बारामती से विधानसभा चुनाव लड़ने की उम्मीद है।

सूत्रों के अनुसार पार्थ पवार चाहते हैं कि उनका कार्यकाल 2032 तक चले, जबकि सुनेत्रा पवार की सीट पर जाने से उनका कार्यकाल केवल 2028 तक रहेगा। इससे उन्हें लंबी अवधि तक राज्यसभा में सक्रिय रहने का अवसर मिलेगा।

राज्यसभा का गणित:
अप्रैल में महाराष्ट्र से 7 नए सांसद चुने जाएंगे। 288 सदस्यीय विधानसभा में महायुति गठबंधन के पास बहुमत है और वे कम से कम 6 सीटें सुनिश्चित कर सकते हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्येक सीट जीतने के लिए 37 वोट जरूरी हैं। वर्तमान स्थिति में भाजपा के पास 135, शिवसेना के पास 57 और एनसीपी के पास 41 विधायक हैं। विपक्ष एकजुट हुआ तो एक सीट एमवीए जीत सकता है, अन्य सीटें महायुति के पास रहेंगी।

इस बीच, शरद पवार ने बुधवार को अजित पवार के घर जाकर अपने पोते पार्थ पवार और जय पवार से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात में पार्थ पवार ने अपने राज्यसभा जाने की मंशा स्पष्ट की और शरद पवार से समर्थन मांगा। पार्थ पवार पहले 2019 में मावल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं, जिसमें उन्हें हार मिली थी।

Leave a Reply