Thursday, February 12

राजस्थान सरकार ग्वालों को देगी 10 हजार रुपये मासिक, मंत्री मदन दिलावर ने की बड़ी घोषणा

बारां: राजस्थान सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था और गौ-पालन को मजबूत करने के लिए नए कदम उठा रही है। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को बारां जिले के कोयला गांव में घोषणा की कि गांवों में गायों की देखभाल के लिए ग्वालों की नियुक्ति की जाएगी और उन्हें प्रति माह 10 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा।

This slideshow requires JavaScript.

मंत्री दिलावर ने कहा कि केवल ग्वालों की व्यवस्था ही नहीं की जाएगी, बल्कि चारागाह भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराकर गायों के लिए पर्याप्त गोचर भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। उनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गाय, गांव और ग्रामीण व्यवस्था को सशक्त बनाना है।

कोयला गांव से 42 साल पुराना नाता
मंत्री ने ‘नानी बाई रो मायरो’ कथा कार्यक्रम में भाग लेते हुए बताया कि उनका कोयला गांव से 42 साल पुराना रिश्ता है। यहीं से उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा की शुरुआत की थी। मंत्री ने कहा कि सरकार गांवों के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है।

ग्रामीण समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई
बारां से छेलाबेल गांव जाते समय मंत्री का काफिला मंडोला गांव की गाड़िया लुहार कॉलोनी में रुका। यहां ग्रामीणों ने मकान, नालियों और मरे हुए मवेशियों के निस्तारण जैसी समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री ने तुरंत बीडीओ से संपर्क कर रोजाना सफाई और कचरा उठाने के निर्देश दिए।

बचपन के दोस्त से मुलाकात में भावुक हुए मंत्री
रास्ते में बकरियां लेकर जा रहे अपने बचपन के मित्र हरीश चंद्र सुमन से मिलने पर मंत्री ने काफिला रुकवाकर उन्हें गले लगाया। मंत्री ने बताया कि दोनों ने बचपन में सिर पर टोकरी रखकर गांव-गांव सब्जी बेची थी। इस मुलाकात ने मौके पर मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।

राजस्थान सरकार की यह पहल न सिर्फ गौ-पालन को बढ़ावा देगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय रोजगार को भी मजबूती प्रदान करेगी।

Leave a Reply