Thursday, June 18

This slideshow requires JavaScript.

मऊ में पूर्व सांसद अतुल राय के काफिले की देर रात चेकिंग, वीडियो पोस्ट कर प्रशासन से की निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

मऊ: उपचुनाव की गहमागहमी के बीच मऊ जिले का सियासी तापमान सोमवार की देर रात एक बार फिर बढ़ गया। घोसी लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद अतुल राय के काफिले को पुलिस ने रोककर चेकिंग की।

This slideshow requires JavaScript.

मऊ सदर कोतवाल अनिल सिंह और यातायात प्रभारी एसएस पांडे ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 के तहत पूर्व सांसद के चार गाड़ियों वाले काफिले को रोका और तलाशी ली। पुलिस ने बताया कि चेकिंग के दौरान कोई भी आपत्तिजनक या अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई और काफिले को आगे जाने की अनुमति दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, पूर्व सांसद अतुल राय कुछ मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद गाजीपुर लौट रहे थे। जैसे ही उनका काफिला नगर क्षेत्र के बुनकर कॉलोनी के पास पहुंचा, पुलिस ने चेकिंग शुरू की।

इस पर पूर्व सांसद ने अपनी गाड़ी से एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। वीडियो में उन्होंने कहा, “मुझे घोसी की जनता से कोई दूर नहीं कर सकता। आज मैं चार गाड़ियों से चल रहा हूं, अगर प्रशासन को इससे भी आपत्ति होगी तो मैं पैदल ही जनता के सुख-दुख में शामिल होऊंगा।

पूर्व सांसद ने प्रशासन पर परोक्ष रूप से सवाल उठाते हुए कहा कि जिस तरह उनके काफिले की चेकिंग की गई, उसी तरह सत्ता पक्ष के नेताओं की गाड़ियों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने समान व्यवहार और नैतिकता का पालन करने की अपील की।

सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद जिले में राजनीतिक हलचल और तेज हो गई। सत्ता और विपक्ष दोनों खेमों से प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।

Leave a Reply