Friday, January 30

बिहार में उलटी चली रीत जब दुल्हन खुद बारात लेकर प्रेमी के घर पहुंची

बांका।
बिहार के बांका जिले से सामाजिक परंपराओं को चुनौती देने वाली एक अनोखी शादी सामने आई है। शंभुगंज प्रखंड के विरनौधा गांव में वह नज़ारा देखने को मिला, जहां आम रिवाज के उलट दुल्हन खुद बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंच गई। यह असामान्य विवाह पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

This slideshow requires JavaScript.

विरनौधा गांव निवासी शिवम कुमार और भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड के इंग्लिश खानपुर गांव की रानी कुमारी के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन पारिवारिक असहमति के चलते रिश्ता आगे नहीं बढ़ पा रहा था। कई बार बातचीत और समझौते की कोशिशें हुईं, मगर सहमति नहीं बन सकी।

पारिवारिक विरोध के बीच दुल्हन ने लिया साहसिक फैसला

बताया जाता है कि लंबे समय से चले आ रहे तनाव और अनिश्चितता से परेशान होकर रानी कुमारी ने एक साहसिक निर्णय लिया। वह सजी-धजी दुल्हन बनी, हाथों में मेहंदी रचाई और अपने कुछ करीबी लोगों के साथ बारात लेकर सीधे प्रेमी के गांव पहुंच गई। दुल्हन को बारात के साथ गांव में आते देख ग्रामीण हैरान रह गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

गांव की पहल पर बनी सहमति

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के बुजुर्ग, सामाजिक लोग और स्थानीय ग्रामीण सक्रिय हो गए। दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत कराई गई। लंबी चर्चा और समझाइश के बाद आखिरकार दोनों परिवार विवाह के लिए राजी हो गए। आपसी सहमति बनने के बाद शिवम कुमार के घर पर ही शादी कराने का फैसला लिया गया।

रीतिरिवाज से हुआ विवाह

ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार दोनों की विधिवत शादी संपन्न कराई गई। शादी के बाद दोनों परिवारों ने राहत की सांस ली। यह अनोखी शादी न सिर्फ विरनौधा गांव, बल्कि आसपास के इलाकों में भी चर्चा का विषय बन गई है।

स्थानीय लोग इस घटना को प्रेम, साहस और सामाजिक समझदारी की जीत बता रहे हैं। कई लोग इसे परंपरागत सोच से हटकर सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ने वाला सकारात्मक उदाहरण मान रहे हैं। फिलहाल नवविवाहित जोड़ा अपने नए जीवन की शुरुआत खुशहाल माहौल में कर रहा है।

 

Leave a Reply