
मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस और टीवी की जानी-मानी शख्सियत अर्चना पूरन सिंह और अभिनेता परमीत सेठी की शादीशुदा जिंदगी आज भले ही मिसाल मानी जाती हो, लेकिन इसकी शुरुआत आसान नहीं थी। हाल ही में अर्चना ने अपने यूट्यूब चैनल पर खुलासा किया कि शादी के वक्त परमीत बेरोजगार थे, उनका बिजनेस पूरी तरह से ठप हो चुका था और वे गंभीर डिप्रेशन से गुजर रहे थे।
अर्चना की नई यूट्यूब सीरीज ‘प्यार दोस्ती है’ के दूसरे एपिसोड में दोनों ने अपने रिश्ते के शुरुआती संघर्षों पर खुलकर बात की। अर्चना ने बताया कि आज की पीढ़ी की भाषा में कहें तो उस दौर में परमीत एक ‘रेड फ्लैग’ माने जाते। न तो उनका करियर स्थिर था, न आमदनी का कोई ठोस जरिया, और ऊपर से उम्र में अर्चना से सात साल छोटे होने की बात भी रिश्ते को लेकर सवाल खड़े करती थी।
अर्चना ने कहा, “हमारे पंडित जी ने कुंडली देखकर साफ कहा था कि इस शादी से बचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी थी कि शुरुआती सालों में हमें बहुत संघर्ष झेलना पड़ेगा।”
कारोबार फेल होने से टूट गए थे परमीत
परमीत सेठी ने भी उस दौर को याद करते हुए बताया कि उन्होंने कपड़ों का कारोबार शुरू किया था और यूरोप से अच्छे ऑर्डर भी मिले थे। बेंगलुरु में फैक्ट्री लगाई गई, लेकिन अचानक सभी ऑर्डर रद्द हो गए और पूरा बिजनेस बैठ गया।
परमीत ने कहा, “मैंने एक दिन एसटीडी बूथ से अर्चना को फोन किया और रोते हुए पूछा कि अब क्या करूं। सब कुछ खत्म हो चुका था। उन्होंने बस इतना कहा—‘वापस आ जाओ।’ उस वक्त जो सहारा उन्होंने दिया, वह मैं कभी नहीं भूल सकता।”
डिप्रेशन से निकलने में बना साथ ताकत
परमीत ने स्वीकार किया कि बिजनेस फेल होने के बाद वे गहरे डिप्रेशन में चले गए थे और कई दिनों तक बिस्तर से उठने की भी हिम्मत नहीं होती थी। इसी दौरान उन्होंने एक्टिंग को करियर के रूप में देखने का फैसला किया।
उन्होंने बताया, “जब मैंने देखा कि एक्टिंग में मेहनताना तुरंत मिलता है, तब समझ आया कि यही मेरे लिए सही रास्ता है। मुझे एहसास हुआ कि खुद को पेश करना मुझे आता है।”
आर्थिक संकट से नहीं डरती थीं अर्चना
अर्चना पूरन सिंह ने कहा कि उन्होंने हमेशा भगवान से यही प्रार्थना की कि उनकी जिंदगी की परेशानियां आर्थिक हों, क्योंकि उन्हें मिलकर झेला जा सकता है।
उन्होंने कहा, “पैसे की समस्या से निपटा जा सकता है, लेकिन अगर कोई अपना साथ छोड़ दे या किसी को कुछ हो जाए, तो वो दर्द असहनीय होता है। उस वक्त भी मैंने यही सोचा कि हम दोनों साथ हैं, यही सबसे बड़ी ताकत है।”
एक्टर बनने से खुश नहीं थीं अर्चना
अर्चना ने यह भी स्वीकार किया कि शुरुआत में वह परमीत के एक्टिंग में आने से खुश नहीं थीं। उन्हें लगता था कि परमीत बहुत इंट्रोवर्ट हैं और एक्टर बनने के लिए जरूरी आत्मविश्वास उनमें नहीं है।
हालांकि, उन्होंने कहा, “मैंने कभी यह नहीं सोचा कि वह कमा नहीं रहे हैं। मैं कमा रही थी, तो मुझे कोई दिक्कत नहीं थी। मेरे लिए लड़का या लड़की कमाने का सवाल कभी मायने नहीं रखता था।”
करीब चार दशकों से साथ निभा रहे अर्चना और परमीत की यह कहानी बताती है कि विश्वास, धैर्य और आपसी समझ से सबसे कठिन दौर भी पार किया जा सकता है।
