Tuesday, January 27

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में जल्द मिलेगा मांसाहारी भोजन का विकल्प

 

This slideshow requires JavaScript.

 

देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, जो पश्चिम बंगाल के हावड़ा और असम के कामाख्या (गुवाहाटी) के बीच चल रही है, उसमें जल्द ही यात्रियों को मांसाहारी भोजन का विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा। पूर्व रेलवे ने इस संबंध में फैसला ले लिया है और जल्द ही इसकी औपचारिक सूचना जारी की जाएगी।

 

अब तक इस ट्रेन में केवल शाकाहारी व्यंजन परोसे जा रहे थे, जिसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विवाद भी सामने आया था। पूर्व रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यात्रियों की भोजन संबंधी पसंद और क्षेत्रीय खान-पान की संस्कृति को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

 

रेल मंत्री के हस्तक्षेप के बाद फैसला

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री और बालुरघाट से सांसद सुकांत मजूमदार ने इस मुद्दे पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बातचीत की थी। उन्होंने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में मांसाहारी भोजन के विकल्प की मांग की थी। रेल मंत्री ने आश्वासन दिया था कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए जल्द ही यह व्यवस्था लागू की जाएगी।

 

हाल ही में शुरू हुई है सेवा

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जनवरी को इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन किया था, जबकि इसकी वाणिज्यिक सेवा 22 जनवरी से शुरू हुई है। ट्रेन के संचालन से पहले ही केवल शाकाहारी भोजन परोसने के निर्णय को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने आपत्ति जताई थी और इसे बंगाल की खान-पान संस्कृति के खिलाफ बताया था।

 

क्षेत्रीय खान-पान को मिलेगा सम्मान

 

बंगाल और असम दोनों ही राज्यों में मछली, मांस और अंडा दैनिक भोजन का अहम हिस्सा माने जाते हैं। धार्मिक दृष्टि से भी इन क्षेत्रों में मांसाहारी भोजन पर कोई प्रतिबंध नहीं है। कामाख्या मंदिर सहित कई शक्तिपीठों में परंपरागत रूप से बलि और मांसाहारी प्रसाद की मान्यता रही है।

 

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन के नए होने के कारण सभी सेवाएं एक साथ शुरू नहीं की जा सकीं, लेकिन यात्रियों की जरूरतों और सांस्कृतिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए अब मांसाहारी भोजन भी मेन्यू में शामिल किया जाएगा।

 

इस फैसले से हावड़ा–कामाख्या मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सुविधाएं और अधिक समृद्ध होंगी।

Leave a Reply