Sunday, May 24

This slideshow requires JavaScript.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बिहार दौरा: फुलपरास और फतुहा में जनसभा एवं रोड शो, कहा – “यह चुनाव परिवारवाद बनाम राष्ट्रवाद का है”

This slideshow requires JavaScript.

पटना/भोपाल, 02 नवम्बर 2025।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र मधुबनी जिले के फुलपरास और पटना जिले के फतुहा विधानसभा क्षेत्र में जनसभा व रोड शो कर एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से मतदान की अपील की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बिहार का यह चुनाव परिवारवाद और राष्ट्रवाद के बीच की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि मिथिला की पवित्र धरती पर “कमल” और “तीर” दोनों निशाने पर लगेंगे। रामलला के अस्तित्व पर प्रश्न उठाने वाले आज वोट की राजनीति के लिए आस्था की बातें कर रहे हैं, लेकिन देश की जनता सब जानती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी की सरकारें “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र पर कार्य कर रही हैं। पहले भारत रत्न एक ही परिवार की चारदीवारी में कैद था, लेकिन मोदी जी ने इस परंपरा को तोड़ते हुए देशसेवकों — जैसे कर्पूरी ठाकुर और प्रणब मुखर्जी — को यह सम्मान देकर लोकतंत्र की सच्ची भावना को पुनर्जीवित किया।

डॉ. यादव ने कहा कि बिहार की जनता का उत्साह इस बात का संकेत है कि 14 नवम्बर को कमल खिलेगा और तीर भी निशाने पर लगेगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने न केवल भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, बल्कि सनातन संस्कृति का भी अपमान किया। अब वही लोग वोट के लालच में राम का नाम ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने किसानों को पहली बार “सम्मान निधि” देकर उनके परिश्रम का मूल्य दिया है। वहीं महिलाओं के खातों में सीधे सहायता राशि देने से कांग्रेस बेचैन है क्योंकि उन्होंने महिलाओं को केवल वोट बैंक समझा था।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है — यहां न कोई वंशवाद है, न जातिवाद; केवल कार्य और समर्पण का मूल्य है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं एक सामान्य कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री बने हैं, यही सच्चे लोकतंत्र की मिसाल है।

डॉ. यादव ने धार्मिक पर्यटन और विकास को जोड़ते हुए कहा कि उज्जैन में महाकाल लोक के निर्माण के बाद हर वर्ष करोड़ों श्रद्धालु पहुँच रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों की आजीविका में जबरदस्त वृद्धि हुई है। इसी तर्ज पर बिहार में सीता मैया धाम को भी धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे मिथिला की संस्कृति और अर्थव्यवस्था दोनों को नया आयाम मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “फुलपरास का फूल और भाजपा का कमल जब साथ खिलेंगे, तो विकास और सम्मान की जीत निश्चित है।” उन्होंने जनता से अपील की कि एनडीए प्रत्याशी श्रीमती शीला मंडल को विजयी बनाकर बिहार में राष्ट्रवाद, विकास और आस्था की ज्योति प्रज्वलित करें।

रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
पटना जिले के फतुहा विधानसभा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के रोड शो में भारी जनसैलाब उमड़ा। सड़कों के दोनों ओर जनता ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। मकानों और दुकानों की छतों से लोग पुष्पवर्षा करते हुए “मोदी-मोहन जिंदाबाद” के नारे लगा रहे थे।

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे एनडीए प्रत्याशी को ऐतिहासिक बहुमत से विजयी बनाकर बिहार को विकास, सम्मान और आत्मनिर्भरता के पथ पर आगे बढ़ाएँ।


(प्रेषक: जनसंपर्क विभाग, मध्यप्रदेश शासन)

Leave a Reply