
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले साउथ अफ्रीका की तैयारियों को करारा झटका लगा है। टीम के दो अहम बल्लेबाज टोनी डी जोरजी और डोनोवन फेरेरा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, जबकि अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर की उपलब्धता पर भी सवालिया निशान लगा हुआ है। इन चोटों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज और वर्ल्ड कप से पहले टीम प्रबंधन की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
टोनी डी जोरजी वर्ल्ड कप से बाहर
टोनी डी जोरजी को दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी, जो पिछले महीने भारत के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज के दौरान आई थी। उनकी रिकवरी उम्मीद से ज्यादा समय ले रही है। ऐसे में टीम प्रबंधन ने उन्हें जल्दबाजी में मैदान पर उतारने का जोखिम नहीं उठाने का फैसला किया है। नतीजतन, डी जोरजी वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के साथ-साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 से भी बाहर हो गए हैं।
डोनोवन फेरेरा की चोट ने बढ़ाई परेशानी
साउथ अफ्रीका को दूसरा बड़ा झटका डोनोवन फेरेरा के रूप में लगा है। इस आक्रामक बल्लेबाज को 17 जनवरी को एसए20 लीग के एक मुकाबले के दौरान बाएं कॉलरबोन में फ्रैक्चर हो गया था। गंभीर चोट के चलते फेरेरा भी वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
इन दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने के बाद साउथ अफ्रीका ने अपनी 15 सदस्यीय वर्ल्ड कप टीम में दो नए खिलाड़ियों को शामिल किया है। टॉप ऑर्डर बल्लेबाज रयान रिकेल्टन और विस्फोटक बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स को टीम में जगह दी गई है, जिससे बल्लेबाजी क्रम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
डेविड मिलर की फिटनेस पर संशय
वरिष्ठ बल्लेबाज डेविड मिलर की चोट भी टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। उन्हें एडक्टर मसल में खिंचाव आया है, जिसके कारण वह वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। वर्ल्ड कप में उनका खेलना फिटनेस टेस्ट पर निर्भर करेगा। एहतियातन, उनकी जगह रुबिन हरमन को टी20 टीम में शामिल किया गया है।
9 फरवरी से शुरू होगा अभियान
साउथ अफ्रीका अपना टी20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान 9 फरवरी को अहमदाबाद में कनाडा के खिलाफ शुरू करेगा। टीम ग्रुप डी में न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात और कनाडा के साथ शामिल है।
पिछले साल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतने के बाद प्रोटियाज टीम अब एक और आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम करने की कोशिश में जुटी है। गौरतलब है कि 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका फाइनल तक पहुंचा था, लेकिन भारत से हारकर उपविजेता रहा था।
