
नई दिल्ली: टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के सामने आगामी न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका है। भारतीय कप्तान टी20 क्रिकेट में 3000 या उससे अधिक रन बनाने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बनने के सिर्फ 212 रन दूर हैं। इससे पहले यह मुकाम केवल विराट कोहली और रोहित शर्मा ही हासिल कर चुके हैं।
सूर्यकुमार ने अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2788 रन बनाए हैं। इस सीरीज में उनके बल्ले पर सभी की नजरें टिकी होंगी। उनके प्रदर्शन की चर्चा इसलिए भी है क्योंकि हाल के समय में उनका बल्ला कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाया। पिछले चार मैचों में उन्होंने केवल 44 रन ही बनाए हैं।
इसके अलावा, सूर्यकुमार यादव टी20 क्रिकेट में 9000 रन के आंकड़े को छूने से सिर्फ 25 रन पीछे हैं। यदि वह यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो वे रोहित शर्मा, विराट कोहली और शिखर धवन के बाद चौथे भारतीय खिलाड़ी बनेंगे जिन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
हालांकि व्यक्तिगत प्रदर्शन से अधिक महत्वपूर्ण है कि सूर्यकुमार अपनी खोई हुई फॉर्म वापस पाएं। टीम प्रबंधन और बोर्ड ने उन पर भरोसा जताया है, और अब उन्हें अपने बल्ले से रन बनाकर इस भरोसे को बनाए रखना होगा।
कप्तानी में चमकदार प्रदर्शन: कप्तान के रूप में सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने अब तक कोई टी20 सीरीज नहीं हारी है। आगामी टूर्नामेंट और टी20 वर्ल्ड कप 2026 को देखते हुए, उनकी कप्तानी और व्यक्तिगत प्रदर्शन दोनों ही टीम के लिए अहम होंगे।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में विराट कोहली 13,543 रनों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि रोहित शर्मा 12,248 और शिखर धवन 9,797 रनों के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। सूर्यकुमार यादव 8,975 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं और जल्द ही यह आंकड़ा और बढ़ाने के लिए तैयार हैं।