
नई दिल्ली: इस साल संपन्न हुए कंस्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (CES 2026) में दुनिया के 150 से ज्यादा देशों की कंपनियों और स्टार्टअप्स ने करीब 14 हजार नए प्रोडक्ट्स पेश किए। इनमें से कुछ बेहद खास और फ्यूचरिस्टिक थे, जो रोजमर्रा की जिंदगी को आसान, स्मार्ट और सुरक्षित बनाने का दावा करते हैं।
ब्रश करते ही बीमारियों का पता
Y-Brush नाम की ओरल केयर स्टार्टअप ने Halo स्मार्ट टूथब्रश पेश किया है, जो एआई की मदद से 20 सेकंड ब्रश करने पर 300 से ज्यादा स्वास्थ्य समस्याओं के संकेत पकड़ सकता है। इसमें लगे गैस सेंसर सांस में मौजूद कंपाउंड्स का विश्लेषण कर मसूड़ों की बीमारी, डायबिटीज और लिवर से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर सकते हैं।
हवा में मोबाइल चार्जिंग
फिनलैंड की कंपनी Willo ने वायरलेस पावर टेक्नॉलजी दिखायी, जिसमें मोबाइल जेब में रखे या हाथ में लिए होने पर भी चार्ज होगा। यह तकनीक चार्जिंग पैड या सही एंगल की जरूरत को खत्म करती है।
स्मार्ट ओवन, बिना बटन के
Apecoo का AISO स्मार्ट ओवन कैमरा और वेट सेंसर से लैस है। खाना डालते ही यह वजन और आकार का विश्लेषण कर तापमान और समय तय करता है।
AI नेकलेस और ब्रेसलेट
Nirva का AI बेस्ड नेकलेस और ब्रेसलेट मूड और आदतों को समझकर मानसिक स्थिति और तनाव का डेटा ऐप में देता है। यह डिवाइस दो दिन तक चार्ज रह सकता है और कीमत लगभग ₹4,200 है।
2 मिनट में खाने की जांच
Allergen Alert डिवाइस से भोजन में ग्लूटेन या डेरी की मौजूदगी मात्र 2 मिनट में पता लगाई जा सकती है। फिलहाल यह दो एलर्जन ही पहचानती है और प्रोफेशनल शेफ व रेस्टोरेंट्स में ट्रायल चल रहा है।
पॉलीथिन से ईंट बनेगी
Clear Drop का सॉफ्ट प्लास्टिक कंपोस्टर (SPC) डस्टबिन प्लास्टिक बैग और ग्लव्स को दबाव व गर्म करके ईंट जैसी शेप में बदल देता है। कीमत लगभग ₹1.26 लाख है।
पीरियड दर्द में राहत
OhmBody ने एक वियरेबल डिवाइस पेश किया, जो नर्व स्टिमुलेशन के जरिए पीरियड दर्द कम करने में मदद करता है। यह कान के पास पहना जाता है और कीमत लगभग ₹52,000 हो सकती है।
फर्टिलिटी ट्रैकर
Mira का AI बेस्ड फर्टिलिटी ट्रैकर हार्मोन स्तर का विश्लेषण कर ओवुलेशन और फर्टिलिटी की जानकारी देता है। कीमत लगभग ₹22,500 है।
बच्चों को चलना सिखाएगी रोबोटिक डिवाइस
इटली की कंपनी Cosmo Robotics ने Bambini Kids पेश किया, जो 2.5–7 साल के बच्चों को पैरों के चलने का पैटर्न सिखाती है। इसे बेस्ट इनोवेशन अवॉर्ड मिला है।
स्मार्ट बच्चों का खिलौना
AI बेस्ड रोबोट Fuzozo, Tuya Smart और Robopoet द्वारा तैयार, बच्चों से बातचीत कर सकता है और उनके मूड को समझ सकता है। यह WiFi के बिना भी काम करता है।
CES 2026 ने यह दिखा दिया कि भविष्य में तकनीक हमारी जीवनशैली का हर पहलू स्मार्ट और सुरक्षित बनाने में मदद करेगी।