
सीकर: राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। हिमालयी क्षेत्रों से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में शीतलहर का असर दूसरे दिन भी बना हुआ है। मंगलवार सुबह फतेहपुर शेखावाटी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.9°C दर्ज किया गया।
कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिनों तक तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहने की संभावना है। उत्तरी दिशा से चल रही ठंडी हवाओं और साफ मौसम के कारण रात के तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे आमजन ठिठुरने को मजबूर हैं।
फसलों को पाले का खतरा
तापमान शून्य से नीचे जाने के कारण कृषि क्षेत्र में भी चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि सब्जियों और फलदार पौधों को पाले से नुकसान होने की संभावना है। किसान फसलों की सुरक्षा के लिए रात में सिंचाई और धुआं करने जैसे पारंपरिक उपाय कर रहे हैं।
फतेहपुर में माइनस तापमान कोई नई बात नहीं
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फतेहपुर शेखावाटी में सर्दियों के दौरान न्यूनतम तापमान माइनस में जाना असामान्य नहीं है। पिछले रिकॉर्ड के अनुसार, 14 जनवरी 2023 को न्यूनतम तापमान माइनस 3.5°C और 19 दिसंबर 2021 को माइनस 5.2°C दर्ज किया गया था। शेखावाटी क्षेत्र प्रदेश के सबसे ठंडे इलाकों में गिना जाता है।
मौजूदा रबी सीजन का सबसे कम तापमान
वर्तमान रबी सीजन 2024-25 में सोमवार को माइनस 3.9°C का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। लगातार शीतलहर और ठंडी हवाओं के चलते जनजीवन प्रभावित है और सुबह-शाम सड़कों पर आवाजाही कम रही। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन ठंड से तुरंत राहत मिलने की संभावना कम है।
(रिपोर्ट: बाल मुकुंद जोशी)