
नवी मुंबई। विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का धमाकेदार आगाज़ आज मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबले से होगा। नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेले जाने वाले इस मुकाबले पर क्रिकेट प्रेमियों की खास नजरें टिकी हैं। टॉस शाम 7 बजे होगा, जबकि मैच 7:30 बजे से शुरू होगा।
मुंबई इंडियंस की कप्तानी हरमनप्रीत कौर संभाल रही हैं, वहीं आरसीबी की कमान भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना के हाथों में है। दोनों टीमों की ताकत और हालिया प्रदर्शन को देखते हुए मुकाबले के रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
हेड टू हेड में मुंबई को मामूली बढ़त
विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में मुंबई इंडियंस सबसे सफल टीम रही है। फ्रेंचाइजी ने अब तक खेले गए तीन सीजन में से दो खिताब अपने नाम किए हैं। वहीं आरसीबी भी एक बार चैंपियन बन चुकी है। दोनों टीमों के बीच अब तक WPL में कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें मुंबई इंडियंस ने 4 मैच जीते हैं, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 3 मुकाबलों में जीत मिली है। आंकड़े बताते हैं कि दोनों के बीच मुकाबला हमेशा बराबरी का रहा है।
आरसीबी को एलिस पेरी की कमी खलेगी
ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज ऑलराउंडर एलिस पेरी इस सीजन लीग से बाहर हो चुकी हैं, जो आरसीबी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पेरी WPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं और अब तक 14 विकेट भी ले चुकी हैं। 2024 सीजन में उन्होंने मुंबई के खिलाफ 15 रन देकर 6 विकेट लेकर टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया था।
टीम संयोजन पर होंगी नजरें
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम में स्मृति मंधाना (कप्तान), ग्रेस हैरिस, ऋचा घोष, पूजा वस्त्रकार, राधा यादव और श्रेयंका पाटिल जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। वहीं मुंबई इंडियंस की ताकत हेली मैथ्यूज, नेट साइवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर, अमेलिया केर और शबनीम इस्माइल जैसी अंतरराष्ट्रीय सितारों से और बढ़ जाती है।
WPL 2026 के पहले ही मुकाबले में दो दिग्गज टीमों की यह भिड़ंत टूर्नामेंट के रोमांचक सफर का शानदार आगाज़ साबित हो सकती है।