
मैहर (मध्यप्रदेश): विंध्य की शान कहे जाने वाले मध्यप्रदेश के मैहर जिले के महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव व्हाइट टाइगर सफारी एंड जू (मुकुंदपुर) से एक शोक समाचार सामने आया है। 20 वर्ष की उम्र की मादा तेंदुआ ‘पन्ना’ का निधन हो गया है। पन्ना पिछले 5 सालों से मुकुंदपुर जू में पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। उसकी उम्र तेंदुओं की औसत उम्र से काफी अधिक थी, और इस कारण उसकी सेहत में गिरावट आई थी।
5 साल पहले हुआ था रेस्क्यू
यह मादा तेंदुआ 12 दिसंबर 2020 को पन्ना के जंगलों से रेस्क्यू की गई थी। उसे दक्षिण पन्ना वनमंडल के मोहन्द्रा परिक्षेत्र की बीट जमुन्हा से सुरक्षित स्थान पर लाया गया था। रेस्क्यू के बाद इसे मुकुंदपुर जू में भेजा गया था। इसके बाद 4 मार्च 2025 को केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने इसे विधिवत रूप से मुकुंदपुर जू में रखने की अनुमति दी थी।
बिमारी के बावजूद नहीं सुधार पाई सेहत
जू के वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. नितिन गुप्ता के अनुसार, वृद्धावस्था के कारण मादा तेंदुआ की सेहत में लगातार गिरावट आ रही थी। कई दिनों से इलाज चल रहा था, लेकिन 2 जनवरी 2026 को सुबह लगभग 6:48 बजे उसकी मौत हो गई।
शव परीक्षण और अंतिम संस्कार
मौत के बाद मादा तेंदुआ का शव परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी मृत्यु का मुख्य कारण वृद्धावस्था था। विस्तृत जांच के लिए शव के अंगों और विसरा के सैंपल जबलपुर स्थित नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय में भेजे गए हैं। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी सम्मान और प्रोटोकॉल के साथ जू में की गई।
जू प्रशासन का शोक
मुकुंदपुर जू के अधिकारियों ने पन्ना के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उसकी अनुपस्थिति सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है।