Thursday, May 14

This slideshow requires JavaScript.

दृष्टिबाधित महिला से बदसलूकी का मामला: भाजपा नेत्री अंजू भार्गव को पार्टी का नोटिस, सात दिन में मांगा जवाब

 

This slideshow requires JavaScript.

 

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक चर्च परिसर के भीतर दृष्टिबाधित महिला से कथित बदसलूकी का मामला सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी की नगर उपाध्यक्ष अंजू भार्गव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी को तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, जिसके बाद भाजपा ने अंजू भार्गव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

 

भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सोनकर द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि वायरल वीडियो में अंजू भार्गव एक दृष्टिबाधित महिला से विवाद करते हुए अशोभनीय और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करती दिखाई दे रही हैं। पार्टी ने इसे एक जिम्मेदार पदाधिकारी के आचरण के विपरीत बताते हुए सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

 

क्या है पूरा मामला

 

घटना 20 दिसंबर की बताई जा रही है, जब जबलपुर के गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित एक चर्च में कुछ हिंदू संगठनों ने कथित धर्मांतरण को लेकर हंगामा किया था। आरोप लगाया गया कि चर्च में आए दृष्टिबाधित बच्चों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। हालांकि, चर्च प्रबंधन और वहां मौजूद लोगों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया।

 

हंगामे के दौरान भाजपा नेत्री अंजू भार्गव की चर्च के भीतर मौजूद एक दृष्टिबाधित महिला से तीखी बहस हो गई। वायरल वीडियो में अंजू भार्गव महिला से अभद्र भाषा का प्रयोग करती नजर आ रही हैं। उन्होंने महिला से कहा— “तू इस जन्म में अंधी है और अगले जन्म में भी अंधी पैदा होगी”— जैसी टिप्पणी कर दी, जिसे लेकर सामाजिक संगठनों और आम लोगों में आक्रोश फैल गया।

 

महिला का चेहरा पकड़ने का आरोप

 

वीडियो में यह भी आरोप लगाया गया है कि अंजू भार्गव ने महिला का चेहरा पकड़कर उसे अपमानित किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।

 

पार्टी की किरकिरी, कार्रवाई की मांग

 

घटना का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचा है। विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने इसे मानवता और संवेदनशीलता के खिलाफ बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

फिलहाल भाजपा नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नोटिस जारी कर दिया है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अंजू भार्गव अपने बचाव में क्या स्पष्टीकरण देती हैं और पार्टी आगे क्या कार्रवाई करती है।

 

 

Leave a Reply