Thursday, May 14

This slideshow requires JavaScript.

राजगीर पुलिस अकादमी में पासिंग आउट परेड, सीएम नीतीश ने ओपन जीप में मंत्रियों को बुलाकर दिया अपनापन का संदेश

बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में शनिवार को आयोजित 1218 प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों (सब-इंस्पेक्टर) की पासिंग आउट परेड ऐतिहासिक और यादगार बन गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और परंपरा के अनुसार खुली जीप से परेड की सलामी ली। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का सहज और आत्मीय अंदाज़ लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया, जब उन्होंने मंच पर खड़े तीन मंत्रियों को भी अपनी जीप में सवार होने का आग्रह किया।

This slideshow requires JavaScript.

जब मुख्यमंत्री परेड निरीक्षण के लिए खुली जीप की ओर बढ़ रहे थे, उस समय उनके साथ केवल पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मौजूद थे। इसी दौरान सीएम नीतीश कुमार की नजर मंच पर खड़े मंत्रियों पर पड़ी। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर मुस्कुराते हुए कहा, “अरे, तुम भी आ जाओ भाई… आ जाओ।” मुख्यमंत्री के इस आग्रह पर सम्राट चौधरी तुरंत जीप में सवार हो गए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार को भी इशारे से बुलाया और कहा, “खड़े काहे को, तुम भी आ जाओ भाई।” इसके साथ ही तीनों मंत्री मुख्यमंत्री की खुली जीप में सवार हुए और सभी ने मिलकर परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री का यह अंदाज़ समारोह में मौजूद अधिकारियों, प्रशिक्षुओं और दर्शकों के बीच खासा सराहा गया।

1218 नए दारोगाओं को मिली सौगात
दीक्षांत समारोह में 1218 प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टरों ने प्रशिक्षण पूर्ण कर बिहार पुलिस में कदम रखा। इनमें तीन ट्रांसजेंडर प्रशिक्षु—बंटी कुमार, मधु कश्यप और रोनित झा—भी शामिल रहे, जो समावेशी और संवेदनशील पुलिस व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश है।

इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्यमंत्री ने सम्मानित भी किया। अंकित कुमार को मुख्यमंत्री पिस्टल और बैटल से नवाजा गया, जबकि रूपेश कुमार को तलवार प्रदान की गई। वहीं मीना कुमारी को ‘बेस्ट परेड कमांडर’ का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

परेड और सम्मान समारोह के साथ यह दीक्षांत कार्यक्रम न केवल अनुशासन और गौरव का प्रतीक बना, बल्कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरल, मानवीय और समावेशी नेतृत्व की झलक भी प्रस्तुत करता नजर आया।

Leave a Reply