Saturday, December 13

‘एथेनॉल फैक्ट्री विवाद कांग्रेस की देन’, श्रीगंगानगर हिंसा पर सतीश पूनिया का विपक्ष पर तीखा प्रहार

श्रीगंगानगर।
हरियाणा भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने शुक्रवार को श्रीगंगानगर दौरे के दौरान एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर हुए विवाद और हालिया हिंसा के लिए कांग्रेस को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। रेलवे स्टेशन पर कार्यकर्ताओं के जोरदार स्वागत के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. पूनिया ने कहा कि यह पूरा विवाद कांग्रेस शासनकाल की गलत नीतियों और फैसलों का परिणाम है, जिसकी कीमत आज जनता को चुकानी पड़ रही है।

This slideshow requires JavaScript.

उन्होंने कहा कि भाजपा को यह समस्या विरासत में मिली है, लेकिन वर्तमान सरकार सभी पक्षों से संवाद कर आपसी सहमति के आधार पर इसका समाधान निकालेगी। डॉ. पूनिया ने श्रीगंगानगर के लोगों को सरल और मधुर स्वभाव का बताते हुए कहा कि यहां की जनता का अपनापन ही उन्हें बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित करता है।

डोटासरा पर हमला, कांग्रेस को बताया दिशाहीन
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तीखा हमला बोलते हुए डॉ. पूनिया ने कहा कि कांग्रेस की पुरानी आदत रही है कि पहले गलतियां खुद करे और बाद में जिम्मेदारी दूसरों पर डाल दे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज पूरी तरह भटकी हुई पार्टी बन चुकी है और जनता का भरोसा तेजी से खो रही है।

राहुल गांधी के बयानों पर सवाल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. पूनिया ने उन्हें अपरिपक्व करार दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और संवैधानिक विषयों पर बोलने से पहले राजनीतिक परिपक्वता जरूरी है। संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे देश की छवि अंतरराष्ट्रीय मंच पर धूमिल होती है।

मंत्रिमंडल विस्तार पर अटकलें खारिज
राजस्थान मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. पूनिया ने कहा कि जब तक आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक सभी चर्चाएं महज अटकलें हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंत्रिमंडल विस्तार पार्टी नेतृत्व और केंद्रीय निर्देशों के अनुरूप ही होगा।

SIR अभियान को बताया लोकतंत्र का सशक्त आधार
SIR अभियान पर बोलते हुए डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि यह अभियान मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे डुप्लीकेसी खत्म होगी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी।

डॉ. पूनिया के इस दौरे और बयानों को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है, जिससे प्रदेश की सियासत और अधिक गरमाने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Reply