
ग्राम खलखला के सरकारी विद्यालय में बैग व अध्ययन सामग्री वितरण, शिक्षा के प्रति किया प्रेरित

इंदौर | (सद्वार्ता)

ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को प्रोत्साहन देने की दिशा में वायड़ा रियल सामाजिक विकास संस्था ने एक सराहनीय पहल करते हुए इंदौर जिले के ग्राम खलखला स्थित शासकीय विद्यालय में विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री एवं स्कूल बैग वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
संस्था के द्वितीय स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक वीरेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना तथा उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि संस्था ने इस वर्ष 200 से अधिक विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे आगामी वर्षों में बढ़ाकर 1,000 से अधिक बच्चों तक पहुंचाने की योजना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है, इसलिए प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक संसाधन उपलब्ध होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने तथा देश के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के सहयोगी गोविंद प्रजापत एवं कपिल पटेल, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज चावड़ा, शिक्षकगण तथा ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे।
SDNA


