Saturday, July 25

This slideshow requires JavaScript.

लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने ₹81.34 लाख के विकास कार्यों का किया निरीक्षण, खेड़ारामपुर विद्यालय के लिए ₹30 लाख की घोषणा

कोटा, 24 जुलाई। लाडपुरा विधायक श्रीमती कल्पना देवी ने शुक्रवार को लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा ग्राम पंचायत खेड़ारामपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में तीन नए कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए विधायक कोष से ₹30 लाख की घोषणा की।

This slideshow requires JavaScript.

विधायक कल्पना देवी ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय में पेयजल सुविधा सुदृढ़ करने के लिए एक वाटर कूलर उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।

इसके बाद विधायक ने ग्राम पंचायत खेड़ारामपुर में निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

इसके उपरांत विधायक कल्पना देवी ने गोविन्द नगर स्थित झरनेश्वर महादेव मंदिर में लगभग ₹81.34 लाख की लागत से निर्मित कुण्ड एवं अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर निर्माण कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विकास कार्य में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिससे आमजन को स्थायी एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण एवं कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, विद्यालय परिवार, संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्रामीण तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

(सद्वार्ता)

Leave a Reply