

भोपाल/जबलपुर। (सद्वार्ता) लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा है कि लोक निर्माण विभाग का प्रत्येक निर्माण कार्य केवल सड़क, पुल या फ्लाईओवर का निर्माण नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास, जनता की सुविधा और विश्वास की मजबूत नींव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की कार्यसंस्कृति गुणवत्ता, समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही पर आधारित है तथा इन मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वल्लभ भवन में आयोजित सेतु निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में मंत्री श्री सिंह ने अधिकारियों, अभियंताओं और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएँ निर्धारित समय-सीमा में उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएँ। उन्होंने कहा कि नियमित मॉनिटरिंग, प्रभावी फील्ड निरीक्षण, तकनीकी परीक्षण और त्वरित निर्णय प्रक्रिया के माध्यम से निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
बैठक में 30 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 48 निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की गई, जिनमें 5 फ्लाईओवर, 33 रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) और 10 पुल शामिल हैं। मंत्री ने विलंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गति देने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि गुणवत्ता या प्रगति में कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई होगी। साथ ही आधुनिक तकनीकों, डिजिटल मॉनिटरिंग और नवाचार आधारित निर्माण प्रणाली को अपनाकर मध्यप्रदेश को उच्च गुणवत्ता वाली अधोसंरचना निर्माण का राष्ट्रीय मॉडल बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
लंबित राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण : कलेक्टर राघवेंद्र सिंह
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने पनागर तहसील कार्यालय में आयोजित राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
बैठक में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजस्व वसूली, पीएम किसान सम्मान निधि, ई-केवाईसी और फार्मर आईडी जैसे विषयों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी पटवारियों को निर्देश दिए कि वे अपने मोबाइल में सीएम हेल्पलाइन ऐप अनिवार्य रूप से रखें ताकि शिकायतों की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा सके।
उन्होंने किसानों की फार्मर आईडी बनाने में तेजी लाने, चालू वित्तीय वर्ष के राजस्व वसूली लक्ष्य को पूरा करने तथा न्यायालयीन प्रकरणों, आदेश अनुपालन, नामांतरण और बंटवारे के मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अवैध खनन एवं परिवहन की सूचना तत्काल एसडीएम और तहसीलदार को देने के निर्देश भी दिए ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पनागर में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने पनागर नगर पालिका में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा कृषि एवं संबद्ध विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया।
बैठक में विद्यालयों में नामांकन, शैक्षणिक गुणवत्ता, अपार आईडी, पाठ्यपुस्तक एवं साइकिल वितरण, आउट ऑफ स्कूल बच्चों के पुनः प्रवेश तथा जनशिक्षकों के नियमित निरीक्षण पर विशेष जोर दिया गया।
स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामवार एएनसी पंजीयन, एनीमिक महिलाओं के स्वास्थ्य सुधार, आंगनबाड़ी संचालन, बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति तथा मुख्यमंत्री बाल आरोग्य कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
कृषि एवं संबद्ध विभागों के अंतर्गत दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान, खाद वितरण, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, बीज एवं उर्वरक गुणवत्ता नियंत्रण तथा स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुँचाने के निर्देश दिए गए।
कारगिल विजय गाथा एवं सेवा सुशासन प्रदर्शनी के प्रचार के लिए प्रचार वाहन रवाना
जबलपुर। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से 25 से 27 जुलाई तक आयोजित होने वाली ‘कारगिल विजय गाथा’, ‘सेवा सुशासन के 12 वर्ष’ तथा अन्य विषयों पर आधारित प्रदर्शनी के प्रचार-प्रसार के लिए शुक्रवार को प्रचार वाहन रवाना किया गया।
महाकोशल महाविद्यालय से प्रभारी प्राचार्य ए.सी. तिवारी एवं संभागीय नोडल अधिकारी प्रो. अरुण शुक्ल ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह प्रचार वाहन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को प्रदर्शनी देखने के लिए प्रेरित करेगा। प्रदर्शनी का आयोजन 25 से 27 जुलाई तक शासकीय महाकौशल महाविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में किया जाएगा, जो प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आम नागरिकों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल आज रात जबलपुर पहुँचेंगे
जबलपुर। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल शुक्रवार रात 8 बजे भोपाल से सड़क मार्ग द्वारा जबलपुर पहुँचेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री श्री पटेल शनिवार, 25 जुलाई को दोपहर 1:30 बजे जबलपुर से सागर के लिए प्रस्थान करेंगे।
स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छता सबसे महत्वपूर्ण, बल्क वेस्ट जनरेटर का पंजीयन अनिवार्य : महापौर एवं कलेक्टर
जबलपुर। नगर निगम जबलपुर द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत आयोजित कार्यशाला में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने शहर को स्वच्छ, कचरा मुक्त और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए बल्क वेस्ट जनरेटर की जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी।
महापौर श्री सिंह ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छता सबसे महत्वपूर्ण है और केवल नगर निगम के प्रयासों से शहर को स्वच्छ बनाए रखना संभव नहीं है। प्रत्येक नागरिक, संस्था, होटल, अस्पताल, मैरिज गार्डन एवं बड़े प्रतिष्ठानों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
उन्होंने बताया कि जिन परिसरों का निर्माण क्षेत्र दो लाख वर्गफीट से अधिक है, जहाँ प्रतिदिन 500 किलोग्राम से अधिक कचरा उत्पन्न होता है अथवा 40 हजार लीटर से अधिक पानी की दैनिक खपत होती है, वहाँ सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, कचरा प्रबंधन संयंत्र एवं वर्षा जल संचयन की व्यवस्था अनिवार्य कर दी गई है।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि 1 अप्रैल 2026 से लागू सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 के अंतर्गत बल्क वेस्ट जनरेटर का पंजीयन अनिवार्य है। नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने होटल संचालकों से प्लास्टिक उपयोग कम करने, पुनः उपयोग योग्य सामग्री अपनाने, जल संरक्षण करने तथा आधुनिक तकनीकों का उपयोग बढ़ाने की अपील की। कार्यशाला में सभी संबंधित संस्थानों से शीघ्र ऑनलाइन पंजीयन कराने तथा कचरे का पृथक्करण एवं वैज्ञानिक प्रबंधन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
नगर निगम ने कहा कि जनभागीदारी से ही जबलपुर को स्वच्छ एवं गार्बेज-फ्री शहर बनाया जा सकता है।


